नई दिल्ली। डीएमके ने शनिवार को केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का औपचारिक रूप से समर्थन किया। पार्टी प्रमुख एम.के. स्टालिन ने इस संशोधित प्रस्ताव को तमिलनाडु के लिए एक बड़ी जीत बताया है।

30 नवंबर को संसद के विशेष सत्र से पहले चेन्नई में स्टालिन की अध्यक्षता में डीएमके सांसदों की एक बैठक हुई, जिसमें यह फैसला लिया गया। पार्टी ने कहा है कि वह संशोधित विधेयक का समर्थन करेगी, लेकिन साथ ही लोकसभा सीटों में तमिलनाडु के हिस्से की रक्षा करने के अपने रुख पर भी कायम रहेगी। डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने को तमिलनाडु के 3 साल के संघर्ष की एक बड़ी जीत बताया है।

स्टालिन ने किस बात दिया जोर?

स्टालिन इस बात पर जोर दिया कि यह व्यावहारिक तरीका यह सुनिश्चित करेगा कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटों की संख्या बढ़े, साथ ही संसदीय प्रतिनिधित्व का सटीक प्रतिशत भी बना रहे। इस तरह, अगले 25 वर्षों के लिए राज्य के राजनीतिक हितों की रक्षा हो सकेगी।

एक्स पर इस प्रस्ताव को शेयर करते हुए डीएमके ने कहा, “संसद के विशेष सत्र से पहले डीएमके के संसदीय सदस्यों की बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया है: हम तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व की रक्षा करेंगे! हम तमिलनाडु के अधिकारों को बनाए रखेंगे!”

यह समर्थन तब आया है जब केंद्र सरकार ने परिसीमन प्रक्रिया के जरिए महिला आरक्षण लागू करने की अपनी कोशिशें फिर से तेज कर दी हैं। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50% की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।

डीएमके ने परिसीमन प्रस्ताव के पिछले संस्करण का विरोध किया था। उसका तर्क था कि निर्वाचन क्षेत्रों को फिर से निर्धारित करने के लिए हाल के जनसंख्या आंकड़ों का उपयोग करने से संसदीय प्रतिनिधित्व में तमिलनाडु का हिस्सा कम हो सकता है और इससे उत्तरी राज्यों को अनुचित लाभ मिल सकता है।

डीएमके के अन्य नेताओं ने क्या कहा?

पार्टी के अनुसार, संशोधित प्रस्ताव उसकी मुख्य चिंताओं को दूर करता है। इसमें सभी राज्यों में सीटों की संख्या में एक समान 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है, जबकि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी को बरकरार रखा गया है।

पार्टी ने कहा कि इस तरीके से अगले 25 वर्षों तक राज्य के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की रक्षा होगी और साथ ही महिलाओं के आरक्षण को भी लागू किया जा सकेगा। डीएमके के उप-महासचिव और सांसद ए. राजा ने कहा कि यह फैसला तमिलनाडु की सीटों के हिस्से को सुरक्षित रखने के सिद्धांत पर लिया गया है।

ए. राजा ने कहा, “हमने यह फैसला इस सिद्धांत के आधार पर लिया है कि लोकसभा में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं होना चाहिए… हम 59 सीटों के आंकड़े पर सहमत हुए हैं। अध्यक्ष ने हमें जरूरत पड़ने पर कोई भी अन्य संशोधन करने का पूरा अधिकार दिया है। जब कांग्रेस पार्टी हमारे गठबंधन का हिस्सा थी, तब भी कांग्रेस पार्टी की यही मांग थी। परिसीमन की प्रक्रिया निष्पक्ष होनी चाहिए। परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके का रुख आज भी वही है जो कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन में रहने के दौरान था।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारी लगातार यही मांग रही है कि 7.18 प्रतिसथ (लोकसभा सीटों में हिस्सेदारी) का हिस्सा नहीं बदला जाना चाहिए। अभी इसे बरकरार रखा गया है। बेशक, कुछ प्रक्रियात्मक मुद्दे हैं। हम उन्हें सुलझा लेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो हम संशोधन पेश करेंगे।”

डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने कहा कि उनकी पार्टी एक निष्पक्ष परिसीमन प्रक्रिया की मांग कर रही थी। उन्होंने कहा कि सीटों में एक समान बढ़ोतरी होने से यह सुनिश्चित होगा कि किसी राज्य को अनुचित तरीके से फायदा या नुकसान न हो।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30