इस्लामाबाद। यमन के हूती विद्रोहियों के लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच पाकिस्तान ने आखिरकार सऊदी अरब के साथ किए अपने रक्षा समझौते को निभाने की तरफ कदम बढ़ा दिया है। महीनों तक चली अटकलों और सवालों के बाद अब पाकिस्तान ने सऊदी अरब में अपनी सेना तैनात करने का आधिकारिक एलान किया है।
सऊदी अरब पर हो रहे यमन के हूती लड़ाकों के हमलों के मद्देनजर शुक्रवार को मक्का समझौते में शामिल देशों की दो दिवसीय बैठक पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुरू हो गई है।
इस बैठक में हूती के हमलों से निपटने की रणनीति पर विचार किया जा रहा है। वैसे पाकिस्तान अघोषित रूप से सऊदी अरब की ओर से हूती के ठिकानों पर हो रहे हवाई हमलों में कई हफ्तों से शामिल है।
इस बीच हूती के हमलों के जवाब में शुक्रवार को सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों ने यमन के तैज प्रांत के हूती के नियंत्रण वाले इलाकों पर बमबारी की।
इस बमबारी में 11 लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं। मृतकों में ज्यादातर बच्चे हैं। अगस्त में हुए मक्का समझौते में सऊदी अरब के साथ पाकिस्तान और तुर्किये शामिल हैं।
इस समझौते के अनुसार किसी एक देश पर हुआ हमला तीनों देशों पर माना जाएगा और उसका तीनों देश मिलकर जवाब देंगे।
लेकिन लगभग तीन महीने से जारी हूती के हमलों से मुकाबले में सऊदी अरब का खुलकर साथ देने से पाकिस्तान और तुर्किये ने लगातार हिचकिचाहट जाहिर की है।
तुर्किये ने साफ कर दिया है कि मक्का समझौते को अभी उसकी संसद से स्वीकृति नहीं मिली है और समझौते के प्रविधान के अनुसार वह किसी अन्य देश पर हमले में सहयोग नहीं दे सकता है।
पाकिस्तान ने बयान जारी कर सऊदी अरब की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने की बात कही है और संकेतों में बताया है कि उसके सैनिक सऊदी अरब में हैं। लेकिन पाकिस्तान ने हूती के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में कोई घोषणा नहीं की है।


















