झाबुआ। जिले के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे इंतजार और दो बार नाकाम कोशिशों के बाद आखिरकार नर्मदा का पानी झाबुआ पहुंच गया है। शनिवार रात नर्मदा जल ने दौलतपुरा में दस्तक दी, जिसके बाद रविवार दोपहर करीब 12 बजे तक पानी खरडू बड़ी के समीप सापन नदी तक पहुंच गया। इस उपलब्धि से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। परियोजना के पूरा होने पर जिले के 194 गांवों की लगभग 32 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा।

दो बार कोशिश नाकाम, तीसरी बार पहुंचा पानी

नर्मदा जल को झाबुआ तक लाने की राह आसान नहीं रही। तकनीकी दिक्कतों और पाइपलाइन में अवरोध के कारण पहले किए गए दोनों प्रयास सफल नहीं हो सके थे। जानकारी के अनुसार, 15 और 22 नवंबर को पानी पहुंचाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पाइपलाइन के साथ छेड़छाड़ और अवैध तरीके से वाल्व खोलकर पानी निकालने की घटनाओं के चलते जल आपूर्ति रुक गई थी।

इसके बाद क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त कराया गया और 28 नवंबर को तीसरी बार पानी की आपूर्ति शुरू की गई। इस बार प्रयास सफल रहा और शनिवार रात नर्मदा का पानी दौलतपुरा तक पहुंच गया। इसके बाद पानी ने आगे की ओर बढ़ना शुरू कर दिया।

कल्याणपुरा और थांदला तक पानी पहुंचने की उम्मीद

नर्मदा जल के आगमन के बाद अब इसे जिले के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचाने की तैयारी है। खरडू बड़ी के पास सापन नदी तक पानी पहुंचने के बाद आगामी चरण में कल्याणपुरा और थांदला क्षेत्र को जोड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे लंबे समय से सिंचाई के पानी का इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिल सकती है।

पाइपलाइन की निगरानी के लिए प्रशासन अलर्ट

पिछली घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने इस बार पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। एनवीडीए, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें पाइपलाइन के पूरे रूट पर निगरानी रख रही हैं। लगातार गश्त की जा रही है, ताकि दोबारा किसी तरह की छेड़छाड़ या जल आपूर्ति में बाधा न आए।

नर्मदा जल पहुंचने पर भाजपा जनजाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सोनू रामपाल ने अपने साथियों के साथ इसका स्वागत किया। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब नर्मदा के लिए आंदोलन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि लोग नर्मदा के दर्शन करेंगे।

पहले पेयजल टंकियों तक पहुंचेगा पानी

एनवीडीए ने पानी के वितरण की शुरुआती व्यवस्था भी तैयार कर ली है। इसके तहत सबसे पहले दौलतपुरा की टंकी में पानी पहुंचाया जाएगा। इसके बाद मेघनगर और थांदला विकासखंड की टंकियों को जल आपूर्ति से जोड़ा जाएगा।

मुख्य पाइपलाइन के अंतिम छोर तक पानी पहुंचने के बाद खेतों में सिंचाई के लिए पानी देने का कार्यक्रम तय किया जाएगा। परियोजना के माध्यम से 194 गांवों के किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। ऐसे में नर्मदा जल का झाबुआ पहुंचना जिले की कृषि व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30