प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (Mann ki Baat) के 81वें एपिसोड को संबोधित करेंगे. इस कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के पूरे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार और मोबाइल एप पर भी किया जाएगा. यह रेडियो कार्यक्रम संयुक्त राज्य अमेरिका के हाल ही में संपन्न यात्रा के बाद होने जा रहा है जहां पीएम ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 76वें सत्र को संबोधित किया था. जिसके परिणामस्वरूप पीएम मोदी के इस संवाद में अंतरराष्ट्रीय महत्व के कई मुद्दों का जिक्र होने की संभावना जताई जा रही है.
76वें UNGA का हाई लेवल सेगमेंट मंगलवार को न्यूयॉर्क में शुरू हुआ, और अंतर्राष्ट्रीय नेताओं और राजनयिकों ने प्रमुख सेशन में विश्व मंच को भी संबोधित किया. वहीं इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात की. सबसे पहले पीएम ने वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ द्विपक्षीय बैठक की. उन्होंने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष स्कॉट मॉरिसन और जापानी पीएम योशीहिदे सुगा से भी मुलाकात की. पीएम मोदी ने वाशिंगटन में पहले इन-पर्सन क्वाड समिट में भी हिस्सा लिया.



















