रायपुर। भाजपा सांसद सुनील सोनी ने बस्तर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस द्वारा घोषित प्रत्याशी कवासी लखमा के नामांकन दाखिले और लोकसभा चुनाव में प्रचार-प्रासार पर रोक लगाने को कहा है। सोनी के साथ अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम, न्यायिक मामले व निर्वाचन आयोग सम्पर्क समिति के प्रदेश संयोजक डॉ. विजयशंकर मिश्रा और सह-संयोजक मोहनलाल पवार ने इस आशय का एक पत्र बुधवार को प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपकर बताया कि विगत 24 मार्च को जगदलपुर के दंतेश्वरी मंदिर के सामने होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी लखमा द्वारा अन्य सहयोगियों के साथ अपने हाथों से मतदाताओं को पैसे बांटे गए।
भाजपा सांसद सोनी सहित भाजपा नेताओं ने प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपे अपने पत्र में कहा है कि बस्तर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी लखमा द्वारा मतदाताओं को पैसे बाँटने तथा अन्य प्रकार से चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है। उनके द्वारा धन-बल के प्रयोग द्वारा चुनावों में भ्रष्ट आचरण किया गयाI वर्तमान लोकसभा चुनाव में वह बस्तर से कांग्रेस के प्रत्याशी हैंI निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान वो मतदाताओं को अक्सर धन बाँटते हैंI भाजपा नेताओं ने पत्र में बताया है कि विगत 24 मार्च, 2024 को बाँटी गई धनराशि के मौके की कुछ लोगों ने फोटो खींचकर सोशल मीडिया में वायरल भी की है।
प्रत्यक्षदर्शियों तथा भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी को कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के इस भ्रष्ट आचरण की शिकायत भी की गई है, जिसके उपरान्त निर्वाचन अधिकारी की शिकायत पर दिनांक 24 मार्च को पुलिस द्वारा थाना जगदलपुर सिटी कोतवाली में कांग्रेस प्रत्याशी लखमा के विरुद्ध लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 123, और इंडियन पैनल कोड की धारा 171 बी, 171 ग और 171 ई, एवं 188 के तहत आपराधिक प्रकरण (एफआईआर) क्र. 155/2024 दर्ज किया गया हैI किन्तु उक्त अपराध जमानती धाराओं के तहत दर्ज होने के कारण कांग्रेस प्रत्याशी लखमा तथा उनके सहयोगियों के भ्रष्ट आचरण में कोई सुधार नहीं हुआ है तथा उनका यह कृत्य निरंतर जारी हैI
भाजपा सांसद सोनी सहित भाजपा नेताओं ने अपने पत्र में कहा है कि लखमा बस्तर से कांग्रेस पार्टी द्वारा घोषित लोकसभा प्रत्याशी हैं किन्तु वह चुनाव आचार संहिता लागू रहने के दौरान मतदाताओं को धन देकर प्रलोभित करने के भ्रष्ट आचरण एवं अनेक अपराधों में आरोपी हैंI कांग्रेस प्रत्याशी लखमा के विरुद्ध इन अपराधों के प्रत्यक्ष साक्ष्य उपलब्ध हैंI इस स्थिति में उनके नामांकन पत्र दाखिल करने में रोक लगाई जानी चाहिए तथा उनके द्वारा लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार-प्रसार पर रोक लगाया जाना आवश्यक हैI भाजपा नेताओं ने पत्र में कहा है कि उपरोक्त तथ्यों का गंभीरता से संज्ञान लिया जाकर कांग्रेस पार्टी द्वारा घोषित लोकसभा प्रत्याशी लखमा द्वारा चुनाव आचार संहिता लागू रहने के दौरान मतदाताओं को धन देकर प्रलोभित करने के भ्रष्ट आचरण एवं अन्य अपराधों के कारण उनके नामांकन पत्र दाखिल करने तथा उनके द्वारा लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार-प्रसार पर रोक लगाई जाए जिससे निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किये जा सकेंI
मतदाता सूची में फर्जी नाम विलोपित करने की मांग
भाजपा सांसद सोनी सहित भाजपा नेताओं ने इसी दौरान एक अन्य ज्ञापन सौंपकर कहा कि वर्तमान लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष कार्यक्रम निर्वाचन आयोग द्वारा कराया गया था, जिसमें अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा पुनरीक्षण कर मतदाता सूची में से फर्जी नाम को विलोपित किया जाना था। राज्य के नागरिकों द्वारा मतदाता सूची में फर्जी नाम के जुड़े होने की शिकायत रेंगाखार वन क्षेत्र में सिवनी खुर्द तथा सरसपुरलोहारा थाना क्षेत्र कवर्धा में की गई जिस पर एफआईआर कर पुलिस ने जांच में नागरिकों द्वारा की गई शिकायत को सत्य पाया। भाजपा नेताओं ने इस विषय को गंभीरता से लेकर मतदाता सूची में फर्जी नाम के पुनरीक्षण की कार्रवाई करने तथा मतदाता सूची में से फर्जी नामों को अतिशीघ्र विलोपित करने की मांग की गई है और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा विधिवत कार्रवाई नहीं किए जाने पर अधिकारियों व कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031