लोकसभा के सातवें और अंतिम चरण के लिए शनिवार को सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया। मतदान शुरू होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट करके मतदाताओं के लिए एक खास संदेश भेजा है। प्रधानमंत्री मोदी ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। उन्होंने यह भी भरोसा जताया है कि युवा और महिला मतदाता इस बार रिकॉर्ड संख्या में मतदान करेंगे। बता दें कि आज ही पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी मतदान हो रहा है।

पीएम ने की रिकॉर्ड संख्या में वोट डालने की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने X पर पोस्ट किया, ‘लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में आज वोटिंग होने जा रही है। इस चरण के सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। मुझे विश्वास है कि हमारे युवा और महिला मतदाता वोट डालने के लिए रिकॉर्ड संख्या में आगे आएंगे।

आइए, मिलकर अपने लोकतंत्र को और अधिक जीवंत बनाएं।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार वाराणसी से मैदान में हैं और आज उनके संसदीय क्षेत्र में भी मतदान हो रहा है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार की शाम से कन्याकुमारी के प्रसिद्ध विवेकानंद रॉक मेमोरियल में 45 घंटे तक चलने वाली ध्यान साधना कर रहे हैं।

57 लोकसभा सीटों पर आज हो रहा है मतदान

बता दें कि लोकसभा चुनाव के 7वें और अंतिम चरण में आज केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और 7 राज्यों की 57 सीट पर मतदान हो रहा है। इस चरण में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, पंजाब की सभी 13 और हिमाचल प्रदेश की 4, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 9, बिहार की 8, ओडिशा की 6 और झारखंड की 3 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।

ओडिशा की बची हुई 42 विधानसभा सीटों के वास्ते चुनाव और हिमाचल प्रदेश की 6 विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव भी इसी के साथ हो रहे हैं। इस चरण में लगभग 5.24 करोड़ पुरुष, 4.82 करोड़ महिलाएं और 3,574 ‘थर्ड जेंडर’ मतदाताओं सहित 10.06 करोड़ से अधिक नागरिक मतदान करने के पात्र हैं।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031