राजस्थान के अजमेर में एक युवक की शादी की खुशियां एक दिन में ही सब खत्म हो गईं. मामला कमला बावड़ी निवासी प्रमोद कुमार का है, जो हाल ही में शादी के नाम पर ठगी का शिकार बना है. प्रमोद ने इस धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है
शादी के नाम पर 1 लाख 80 हजार रुपये ठगे गए
प्रमोद ने बताया कि उनकी उम्र ज्यादा होने के कारण शादी नहीं हो पा रही थी. इसी परेशानी को देखते हुए मनीषा नाम की एक महिला दलाल ने उनकी शादी कराने का भरोसा दिया. मनीषा ने प्रमोद को चांदनी नाम की लड़की की फोटो दिखाई और बताया कि वह उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और गरीबी में जी रही है. प्रमोद को चांदनी की फोटो पसंद आ गई. इसके बाद शादी के खर्च के नाम पर मनीषा ने उनसे 1 लाख 80 हजार रुपये ले लिए.
आर्य समाज में हुई थी शादी
पैसों का लेन-देन होने के बाद मनीषा ने प्रमोद की शादी आर्य समाज मंदिर में चांदनी से करवा दी. शादी की पहली ही रात चांदनी ने पेट में दर्द का बहाना बनाया. अगले दिन उसने अजमेर दरगाह में दुआ मांगने की बात कही, जिसके बाद प्रमोद उसे दरगाह ले गए.
दरगाह से हुई फरार
दरगाह पहुंचने पर चांदनी ने मौका देखा और प्रमोद को चकमा देकर फरार हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी प्रमोद को उसका कोई सुराग नहीं मिला. ठगे जाने का एहसास होने पर प्रमोद ने तुरंत गंज थाने में मनीषा और चांदनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया.
पुलिस में मामला दर्ज
गंज थाने के एएसआई राकेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर दोनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस को संदेह है कि यह किसी संगठित ठगी गिरोह का काम हो सकता है, जो शादी के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठता है. पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है.














