दिल्ली में हुए आरएसएस शताब्दी समारोह में मोहन भागवत ने कहा कि आरएसएस की स्थापना के 100 साल पूरे होना उत्सव मनाने की बात नहीं, हमने इस अवसर का उपयोग समाज के लिए और भी अधिक काम करने के लिए किया. हमारे युवा चाहते हैं कि भारत दुनिया का सबसे अग्रणी देश बने; उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है. हम दुनिया को भारत, आरएसएस और हमारे काम के बारे में बताने के लिए पांच महाद्वीपों के विभिन्न देशों में भी गए. उन्होंने कहा कि भारत में सारे संप्रदाय सुरक्षित और सम्मानित हैं. पश्चिम यह जानना चाहता है कि हिंदू इतने धैर्यवान कैसे हो सकते हैं, वे अपनी नई पीढ़ी के लिए यह सीखना चाहते हैं. उन्होंने आगे कहा कि भारत को जब आज़ादी मिली तो पश्चिमी विशेषज्ञों को लगा कि यह कायम नहीं रह पाएगी और इस देश को चलाने के लिए उन्हें फिर से बुलाया जाएगा. कुछ मतभेद तो होने स्वाभाविक हैं, लेकिन हम सब एक ‘कुटुंब’ हैं और हमें यह याद रखना चाहिए कि हम सभी भारतीय हैं. पश्चिम में किसी ने नहीं सोचा था कि भारत इस तरह लोकतंत्र को बचाए रखेगा और अपनी अर्थव्यवस्था का भी विस्तार करेगा.
सत्य के मार्ग पर चलना है: भागवत
भागवत ने आगे कहा कि हमारा संकल्प है कि हम किसी भी आलोचना की परवाह किए बिना सत्य के मार्ग पर चलें . सभी को अब उम्मीद है कि भारत ‘विश्व गुरु’ के रूप में अपनी प्रतिष्ठा पुन: प्राप्त करेगा और यह हर नागरिक का संकल्प होना चाहिए. आरएसएस के स्वयंसेवक लोगों की पीड़ा देखकर समाज के लिए काम करने की प्रेरणा पाते हैं, वे 100 वर्षों से ऐसा करते आ रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे.
मोहन भागवत ने कहा कि संघ के स्वयंसेवकों को अपनी तपस्या जारी रखनी होगी. अनुकूल परिस्थितियों का लाभ उठाने के लिए नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए निरंतर काम करना है. उन्होंने समुद्र मंथन का उदाहरण देते हुए भगवान शिव की भूमिका का उल्लेख किया. शिव ने मंथन से निकले लक्ष्मी, कौस्तुभ, पारिजात, धन्वंतरि और चंद्रमा जैसे रत्नों को स्वीकार नहीं किया बल्कि विश्व के कल्याण के लिए हलाहल विष को ग्रहण किया. संघ और समाज की सज्जन शक्ति को भी इसी तरह सजग, विरक्त और अलिप्त भाव से राष्ट्र के लिए काम करना होगा। ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें समाज संगठित और सद्गुण संपन्न होकर भारत को आगे बढ़ाए. उन्होंने कहा कि संघ के कार्यक्रमों में आने वाले लोग केवल संघ के लिए काम न समझें, यह पूरे देश का काम है. समाज के लोगों को भी राष्ट्र के पुनरुत्थान के अभियान में अपनी भूमिका निभानी होगी। स्थानीय कार्यकर्ताओं से परामर्श कर इस अभियान में शामिल होने का रास्ता तलाशना चाहिए.
‘अपना भारत, अपना भारतीय’ की भावना जरूरी
संघ के 100 साल पूरे होने का उल्लेख करते हुए भागवत ने कहा कि संघ किसी प्रभावी समूह को खड़ा करने के लिए नहीं चला था. उद्देश्य संपूर्ण समाज को संघमय बनाना है, भले ही समाज के सभी लोग शाखा में न आएं या गणवेश न पहनें. यहां तक कि ऐसे लोग भी इस विचार से जुड़ सकते हैं, जिन्हें संघ के बारे में जानकारी तक नहीं है. उन्होंने कहा कि समाज के दुख को देखकर संघ के कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठते. दुख दूर करने के लिए जो करना चाहिए, उसमें जुट जाते हैं. यह केवल भाषण सुनने या बातें करने से नहीं होता बल्कि समाज के प्रति अपनेपन की भावना से होता है. उन्होंने कहा कि संघ के कार्य का आधार यही अपनापन है. उन्होंने स्वच्छता का उदाहरण देते हुए कहा कि इंदौर में ‘अपना इंदौर, स्वच्छ इंदौर’ और दिल्ली में ‘अपनी दिल्ली, स्वच्छ दिल्ली’ जैसे नारे दिखाई देते हैं। इसी तरह यदि सर्वश्रेष्ठ भारत चाहिए, तो ‘अपना भारत, अपना भारतीय’ की भावना जरूरी है.


















