केंद्र सरकार परिसीमन के लिए जो संशोधित फार्मूला लाई है, उसे दक्षिण भारत के कुल 8 राजनीतिक दलों ने अपना समर्थन दे दिया है। इनमें 5 दल तो एन.डी.ए. के सहयोगी हैं, जबकि 3 गैर-एन.डी.ए. दल हैं। इनमें एम.के. स्टालिन की पार्टी द्रमुक ( 22 लोकसभा के, 8 राज्यसभा के), जगनमोहन रैड्डी की वाई.एस.आर.सी.पी. (4-4 लोकसभा और राज्यसभा के) और के. चंद्रशेखर राव की बी.आर.एस. (राज्यसभा के 3) शामिल हैं। अप्रैल में परिसीमन विधेयक इन पार्टियों के कड़े रुख की वजह से अटक गया था। इसके अलावा पहले थोड़ा-बहुत हिचक रहे एन.डी.ए. के सहयोगी दल भी नए फार्मूले से सहज हैं। इनमें चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी, पवन कल्याण की जनसेना पार्टी, देवेगौड़ा का जनता दल (सैक्युलर), अन्नाद्रमुक और पी.एम.के. शामिल हैं।
दक्षिण के राजनीतिक दल खासकर द्रमुक और वाई.एस.आर.सी.पी. व बी.आर.एस. जो चाहते थे, परिसीमन का नया फार्मूला बिल्कुल वैसा है। इस साल जब अप्रैल में सरकार परिसीमन बिल लाई थी, तो उसने 50 फीसदी आनुपातिक वृद्धि का केवल मौखिक आश्वासन दिया था लेकिन विधेयक के मसौदे में यह बात स्पष्ट नहीं थी। इसलिए दक्षिण के दलों के विरोध से यह बिल अटक गया था। मगर अब उस मौखिक आश्वासन को नए मसौदे में लिखित रूप देकर कानूनी गारंटी दे दी गई है। द्रमुक सहित कई दक्षिणी दलों की प्रमुख मांग थी कि 1971 की जनगणना के आधार पर तय किए गए राज्यों के मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात से छेड़छाड़ न हो। सरकार ने नए फार्मूला मसौदे में इसे पूरी तरह मानते हुए न सिर्फ उनके राज्य की आनुपातिक हिस्सेदारी को सुरक्षित रखा है, बल्कि इसे 2051 तक फ्रीज भी कर रही है।
दक्षिणी राज्यों को सबसे बड़ा डर यह था कि यदि नई जनगणना के आधार पर परिसीमन हुआ तो जनसंख्या नियंत्रण में सफल रहने के कारण उनकी सीटें घट जाएंगी और उत्तरी राज्यों का दबदबा और बढ़ जाएगा। नए फार्मूले में दक्षिण भारत की लोकसभा में कुल 24 फीसदी हिस्सेदारी बरकरार रहेगी। वहीं कांग्रेस और उसके कई घटक दल संविधान के 132वें संशोधन के रूप में लाए जा रहे परिसीमन विधेयक का विरोध यह कह कर कर रहे हैं कि यह संवैधानिक प्रक्रियाओं को दरकिनार करने की कोशिश है। महिला आरक्षण को परिसीमन से जोडऩा गलत है और चुनावी लाभ के लिए सीटों के मनमाने पुनॢनर्धारण की आशंका है।
वैसे तो संविधान के अनुच्छेद 81-82 के तहत प्रत्येक जनगणना के बाद लोकसभा सीटों का परिसीमन और समायोजन किया जाना चाहिए, मगर दक्षिणी राज्यों के दबाव में जनसंख्या आधारित परिसीमन लगातार टाला जाता रहा है। इसके लिए बाकायदा संविधन संशोधन लाया जाता है। पिछली बार अटल सरकार के 2002 के 84वें संविधान संशोधन के माध्यम से राज्यों के बीच सीटों के पुनॢवतरण पर रोक 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना तक बढ़ाई गई थी। 1971 और उसके बाद की जनगणना ने दिखाया कि देश में उत्तरी राज्यों और खासकर हिंदी पट्टी में आबादी बढऩे की गति बेहद तेज है और दक्षिण राज्य परिवार नियोजन पर ज्यादा सफलता से अमल कर रहे हैं। जनसंख्या आधारित परिसीमन से बढऩे वाली सीटों के कारण देश की संसद में दक्षिण की भागेदारी का अनुपात तेजी से कम होता, इसलिए 1971 में जनसंख्या को आधार मानते हुए अगले 25 साल तक जनसंख्या के आधार पर किसी राज्य की सीटें बढ़ाने पर रोक लगा दी गई। दक्षिणी राज्यों के दबाव में इस रोक को 2025 में भी जारी रखा गया।
दरअसल वर्ष 1971 के आधार को छेडऩे का साहस किसी में नहीं है। इसलिए मोदी सरकार ने यह फार्मूला निकाला कि सभी राज्यों की सीटें 50 फीसदी बढ़ा दी जाएं। इससे 1971 का आधार भी कायम रहेगा और दक्षिणी राज्यों को भी आपत्ति नहीं होगी। यही मास्टर स्ट्रोक साबित हुआ। इसीलिए परिसीमन विधेयक के मोदी सरकार के फार्मूले पर किसी दक्षिणी राज्य को या वहां के प्रमुख राजनीतिक दलों को कोई आपत्ति नहीं है क्योंकि वे हमेशा से यही चाहते रहे हैं कि लोकसभा में उनके राज्य की प्रतिनिधित्व हिस्सेदारी कम न हो। अप्रैल में विधेयक के विफल हो जाने के बाद एन.डी.ए. की निगाह द्रमुक पर रही थी, जिसकी शर्त यह थी कि लोकसभा सीटों की भागेदारी में तमिलनाडु का हिस्सा 7.18 फीसदी से कम न हो। लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में तमिलनाडु की 39 सीटें हैं। नए फार्मूले के हिसाब से अगर लोकसभा में कुल 814 सीटें होती हैं और तमिलनाडु की 50 फीसदी (20 सीटें) बढ़ जाती हैं तो उसकी भागेदारी कम नहीं होगी, बल्कि मामूली सी बढ़ कर 7.23 फीसदी हो जाएगी।
अब वह, तमिलनाडु में जब भी अगला चुनाव होगा (कब होगा कहा नहीं जा सकता क्योंकि विजय थलपति की पार्टी को 234 में से 107 सीटें मिली हैं और उनके पोस्ट पोल एलायंस के बाद सहयोगी दलों में कांग्रेस के 5 के अलावा अन्य छोटे दल हैं। विजय सरकार की सरकार चलाने में योग्यता का बड़ा हिस्सा, सरकार चलाए रखने में भी जा रहा है), लोगों के बीच जा कर कह सकती है कि भले ही केंद्र में हमारी विरोधी सरकार थी, मगर हम अपने हितों के लिए लड़े और केंद्र को संशोधित फार्मूला लाने को मजबूर किया। वहीं भाजपा भी दक्षिण में यह कहकर नया समर्थन जुटाने की कोशिश कर सकती है कि हमनेे आपके हितों को कमजोर नहीं पडऩे दिया। यानी आने वाले दिनों में बात परिसीमन बिल तक ही नहीं रहेगी, उसके बाद भी राजनीतिक हंगामा जारी रहेगा और उसकी धमक 2029 के लोकसभा चुनावों तक रहेगी। तब तक गंगा, यमुना, सतलुज, गोदावरी, कृष्णा में पानी काफी कुछ ऊपर-नीचे होता रहेगा।-हम, देश के लोग अकु श्रीवास्तव


















