कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रविवार को लाखों ने एक साथ भगवद् गीता का पाठ कर नया कीर्तिमान बनाया। सनातन संस्कृति संसद नामक संस्था की ओर से सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया था। पांच लोक्खो कंठे गीता पाठ नाम से आयोजित कार्यक्रम में पद्मभूषण साध्वी ऋतंभरा, बागेश्वर धाम के धीरेद्र कृष्ण शास्त्री और भारत सेवाश्रम संघ के कार्तिक महराज सहित प्रमुख धार्मिक हस्तियां शामिल हुईं। बांग्लादेश और नेपाल से भी लोग इसमें शामिल हुए। बंगाल के राज्यपाल डा सीवी आनंद बोस, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी सहित भाजपा के कई सांसदों, विधायकों व नेताओं ने गीता पाठ में हिस्सा लिया। आयोजकों ने दावा किया कि यह देश में अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक गीता पाठ हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञाननंद जी महाराज ने दावा किया कि साधु-संतों व साध्वियों सहित पांच लाख से अधिक लोगों ने सामूहिक गीता पाठ में हिस्सा लिया। वेदों के पाठ के बाद भगवद् गीता के प्रथम, नवम और 18वें अध्याय का एक साथ पाठ किया गया। ब्रिगेड मैदान में भगवा वस्त्र पहने सनातनियों को ढाक और झांझ के साथ नृत्य करते देखा गया। शंक की ध्वनि से पूरा ब्रिगेड मैदान गूंज उठा। रथ पर गीता लेकर ज्ञानानंद जी महाराज कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। कार्यक्रम के मंच से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हिंदू अगर एक हो जाए तो भारत को हिंदू राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।
Previous Articleकार और अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर…..हादसे में पांच की मौत
Related Posts
Add A Comment



















