नई दिल्ली। तीन कृषि कानूनों को रद्द करने, एमएसपी पर नया कानून व गारंटी खरीद की मांगों को लेकर आंदोलनरत किसान संगठनों का शनिवार को पांच राज्यों के टोल प्लाजा पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश टोल प्लाजा को टोल टैक्स फ्री कर दिया गया। किसान नेताओं ने टोल कर्मियों को निजी-व्यवसायिक वाहनों से टैक्स नहीं वसूलने दिया।
सुरक्षा व्यवस्था के बंदोबस्त के चलते दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम नहीं किया जा सका। किसान संगठन इस राजमार्ग को रविवार को बंद करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि दिल्ली के गाजीपुर, पलवल, टिकरी, सिंघु बार्डर पर किसानों के प्रदर्शन के चलते यातायात बाधित हुआ। इतना ही नहीं किसान संगठनों ने ऐलान किया है कि कहा कि 14 दिसंबर के बाद आंदोलन और अधिक आक्रामक किया जाएगा।


















