सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल और सोने-चांदी के आभूषणों का दिखावा करना मध्य प्रदेश की एक महिला यूट्यूबर रचना गुर्जर को भारी पड़ गया. चोरों ने रात के अंधेरे में उनके घर पर धावा बोला और तकरीबन सात लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर लिया. यह मामला मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले का है.

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के नरवर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहानी ख्यावदा गांव में जानी-मानी यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर चोरी की यह बड़ी वारदात हुई. चोर उनके घर से लाखों की नकदी समेत कीमती गैजेट्स और सोने-चांदी के जेवर समेट ले गए. फिलहाल अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है. पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है. इस चोरी के बाद स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर खासी चर्चा है कि वह अपने वीडियो में अक्सर कीमती गहने और आलीशान जीवनशैली दिखाया करती थीं, संभवतः इसीलिए चोरों ने उनके घर को अपना निशाना बनाया.

सीसीटीवी कैमरों में र‍िकॉर्ड नहीं हुई चोरी

यूट्यूबर रचना गुर्जर के अनुसार, चोरों ने देर रात घर की बाउंड्री पर लगी तार फेंसिंग को काटा और परिसर के भीतर दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने रचना और उनके पति ऊदल सिंह गुर्जर के कमरे की कुंडी को बाहर से बंद कर दिया, ताकि वे बाहर न आ सकें. चालाक चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख भी ऊपर की ओर मोड़ दिया, जिससे उनकी कोई भी हरकत कैमरे में रिकॉर्ड न हो सके.

घर के भीतर प्रवेश करने के बाद चोरों ने कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर 1 लाख 91 हजार रुपये की नकदी, सोने का मंगलसूत्र, सोने की चार अंगूठियां और चांदी की करधनी चुरा ली. इतना ही नहीं, जाते-जाते ये अज्ञात चोर लगभग 8 हजार रुपये की कीमत वाली ‘रेडबुल ‘ सॉफ्ट ड्रिंक की एक पेटी भी अपने साथ समेट ले गए.

कमरे का दरवाजा बाहर से बंद म‍िला 

रचना गुर्जर के मुताबिक, चोरी गए कुल सामान की अनुमानित कीमत 7 से 8 लाख रुपये के बीच है. रचना गुर्जर को इस चोरी का पता सुबह करीब 4 बजे तब चला, जब वह पानी पीने के लिए उठीं और उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया. चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस अब आसपास के घरों और दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और चोरों की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है.

रचना गुर्जर ने श‍िवपुरी एसपी से की कार्रवाई की मांग 

रचना गुर्जर ने इस संबंध में शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की है और चोरों की जल्द गिरफ्तारी व चोरी गया सामान बरामद कराने की मांग की है. रचना गुर्जर ने स्पष्ट कहा है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक वह इस मामले को लेकर लगातार वीडियो बनाती रहेंगी और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज उठाती रहेंगी.

गौरतलब है कि यूट्यूबर रचना गुर्जर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर आलीशान जीवनशैली से जुड़े वीडियो शेयर करके काफी लोकप्रिय हुई हैं. वह अपने घर के महंगे डेकोरेशन, सोने-चांदी के आभूषणों और ग्रामीण परिवेश में रहते हुए भी एक बेहतरीन लाइफस्टाइल से जुड़े वीडियो नियमित रूप से पोस्ट करती रहती हैं.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031