बुरहानपुर : मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में बोरगांव-रईपुरा रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुक्तिधाम के पास तेज मोड़ पर एक बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बोरगांव निवासी तीन युवक बुलेट बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान मुक्तिधाम के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही निंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को पिकअप वाहन के जरिए खाई से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल तीनों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।



















