What's Hot

FIFA World Cup 2026, स्पेन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उसे खिताब के प्रबल दावेदारों में क्यों गिना जा रहा है। अटलांटा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्पेनिश टीम ने सऊदी अरब को 4-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच के अधिकांश समय मैदान पर सिर्फ स्पेन का ही दबदबा देखने को मिला और सऊदी अरब की टीम जवाब तलाशती नजर आई। शुरुआत से ही स्पेन ने आक्रामक खेल दिखाया। गेंद पर नियंत्रण और तेज पासिंग के जरिए उसने विपक्षी टीम को लगातार दबाव में रखा। इसका फायदा उसे मैच के 10वें मिनट में मिला, जब युवा सनसनी लैमिन यमल ने शानदार गोल करके अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। माइकल ओयार्जबल के बेहतरीन पास को यमल ने शानदार तरीके से गोल में बदल दिया। विश्व कप में यह उनका पहला गोल था, जिसने टीम का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया।

आक्रामक दिखी स्पेन

पहला गोल होने के बाद स्पेन ने अपनी रफ्तार कम नहीं की। टीम लगातार हमले करती रही और सऊदी अरब की डिफेंस लाइन पर दबाव बनाती रही। 21वें मिनट में माइकल ओयार्जबल ने गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया। कॉर्नर से बने मौके को उन्होंने करीब से गोल में पहुंचाकर स्कोर 2-0 कर दिया। सऊदी अरब इस झटके से उबर भी नहीं पाया था कि तीन मिनट बाद ओयार्जबल ने फिर कमाल दिखा दिया। दानी ओल्मो के हेडर के बाद मिली गेंद पर उन्होंने शानदार वॉली लगाई और अपना दूसरा गोल दाग दिया। इस गोल के साथ स्पेन ने पहले हाफ में ही 3-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।

दूसरे हाफ का खेल

दूसरे हाफ की शुरुआत भी सऊदी अरब के लिए निराशाजनक रही। 49वें मिनट में एक दुर्भाग्यपूर्ण पल ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दीं। स्पेन के हमले को रोकने की कोशिश में हसन अल्तामबक्ती से आत्मघाती गोल हो गया। गोलकीपर द्वारा रोकी गई गेंद उनके शरीर से टकराकर सीधे जाल में चली गई और स्कोर 4-0 हो गया। इसके बाद मुकाबला लगभग एकतरफा हो गया। स्पेन ने मिडफील्ड में शानदार नियंत्रण बनाए रखा और सऊदी अरब को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। दूसरी तरफ सऊदी टीम पूरे मैच में ऐसा कोई बड़ा अवसर नहीं बना सकी जिससे स्पेनिश गोलपोस्ट को गंभीर खतरा पैदा हो।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31