लंदन के प्रतिष्ठित लॉड्र्स क्रिकेट ग्राउंड पर शुक्रवार से महिला क्रिकेट इतिहास का एक नया अध्याय लिखा जाएगा। इंग्लैंड और भारत की महिला टीमें चार दिवसीय टेस्ट मुकाबले में आमने-सामने होंगी। यह पहली बार होगा, जब दुनिया के सबसे प्रसिद्ध क्रिकेट मैदान लॉड्र्स पर किसी महिला टेस्ट मैच का आयोजन किया जा रहा है। मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर बाद 3:30 बजे से शुरू होगा और चार दिनों तक खेला जाएगा। लॉड्र्स को लंबे समय से पुरुष क्रिकेट का सबसे प्रतिष्ठित मैदान माना जाता रहा है, लेकिन अब पहली बार यहां महिला टेस्ट क्रिकेट भी खेला जाएगा। इससे पहले इस मैदान पर 150 पुरुष टेस्ट मुकाबले आयोजित किए जा चुके हैं। महिला टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत वर्ष 1934 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई थी, लेकिन इतने लंबे इतिहास के बावजूद लॉड्र्स को पहली बार महिला टेस्ट की मेजबानी का अवसर मिला है।

इंग्लैंड की टीम अब तक 100 से अधिक महिला टेस्ट मैच खेल चुकी है, जबकि भारतीय महिला टीम भी चार दशक से अधिक टेस्ट मुकाबलों का अनुभव अपने साथ लेकर इस ऐतिहासिक मुकाबले में उतरेगी। दोनों टीमों में आठ ऐसी खिलाड़ी हैं, जो पहली बार टेस्ट टीम से जुड़ी हैं। भारत की हरलीन दियोल, श्री चरणी और तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा अनकैप्ड हैं। वहीं, इंग्लैंड की एलिस कैप्सी और 18 वर्षीय टिली कॉर्टन-कोलमैन जैसी युवा खिलाड़ी शामिल हैं। फैंस की खास नजरें इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन फाइलर और भारत की स्टार बैटर स्मृति मंधाना पर होंगी। टॉप ऑर्डर में जगह बनाने के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

चार दिन तक चलेगा मैच

यह टेस्ट मैच 10 से 13 जुलाई तक खेला जाएगा। मुकाबले का आयोजन लंदन के सेंट जॉन्स वुड स्थित लॉड्र्स क्रिकेट ग्राउंड में होगा। दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर यादगार बनाने की कोशिश करेंगी। महिला टेस्ट क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड अब तक 15 बार आमने-सामने आ चुके हैं। इन मुकाबलों में इंग्लैंड को केवल एक जीत मिली है, जबकि भारतीय टीम तीन बार विजयी रही है। दोनों देशों के बीच खेले गए 11 टेस्ट मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। इंग्लैंड की धरती पर दोनों टीमों के बीच पिछला टेस्ट जून, 2021 में खेला गया था, जो बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ था। वहीं, दिसंबर 2023 में नवी मुंबई में हुए एकमात्र टेस्ट में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 347 रन के बड़े अंतर से हराया था।

इंग्लैंड—नाइट साइबर ब्रंट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, माया बाउशियर, ऐलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन-कोलमैन, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, एमी जोन्स, हीदर नाइट, एमा लैम्ब, ग्रेस पॉट्स, एली थ्रेलकेल्ड, मैडी विलियर्स और इसी वोंग

भारत— हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), यास्तिका भाटिया, श्री चरणी, हरलीन दियोल, क्रांति गौड़, ऋचा घोष, स्नेह राणा, प्रतिका रावल, जेमिमा रोड्रिग्स, सयाली सातघरे, दीप्ति शर्मा, नंदिनी शर्मा, रेणुका सिंह और शेफाली वर्मा।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31