छत्तीसगढ़ – बिलासपुर में एक साप्ताहिक बाजार उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सब्जी खरीदने आए बहतराई निवासी बिहारी साहू को करेलों के ढेर में छिपे जहरीले कोबरा सांप ने डस लिया. घटना नेहरू नगर स्थित गणेश चौक के साप्ताहिक बाजार की है, आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत युवक को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
बताया जा रहा है कि जैसे ही बिहारी साहू करेला खरीदने के लिए चुनने लगे. इसी दौरान करेलों के ढेर में छिपे जहरीले कोबरा सांप ने उनके बाएं हाथ की उंगली पर अचानक हमला कर दिया. सांप के डसते ही बिहारी ने जोर से चीख लगाई, जिसके बाद बाजार में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. लोगों ने तुरंत सब्जियों के बीच छिपे कोबरा को देखा और सुरक्षित दूरी बना ली. इसके बाद घायल युवक को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। समय रहते इलाज मिलने से उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. रेशमाली नाम के यूजर ने लिखा है कि कल हम भी बिलासपुर में बाजार जाने वाले थे और वह भी करेले खरीदने बच गए. दीपाली नाम की यूजर ने लिखा है कि मैं तो फोन की टॉर्च ऑन करके सब्जी चुनती हूं. प्रदीप नाम के शख्स ने लिखा है कि तभी तो मैं करेला बिल्कुल नहीं खाता हूं.



















