हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में बुधवार शाम को एक बेहद दुखद हादसा हुआ। यहां माता के दर्शन करने आए पंजाब के एक श्रद्धालु की बंदर के हमले से बचने के प्रयास में संतुलन बिगड़ने और गिरने के कारण मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विजय गुप्ता निवासी जालंधर (पंजाब) के रूप में हुई है। वे पेशे से कपड़ा कारोबारी थे। बताया जा रहा है कि विजय गुप्ता अपनी पत्नी और परिवार के साथ श्री नयना देवी जी के दर्शन करने आए थे। इसी दौरान अचानक एक बंदर उन पर झपट पड़ा। बंदर के डर से खुद को बचाने के प्रयास में विजय गुप्ता असंतुलित होकर गिर पड़े, जिससे उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।



















