लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) इलाके में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में चलती कार में आग लगने से 32 साल युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि चालक कार से बाहर नहीं निकल सका। दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ड्राइविंग सीट पर केवल कंकाल बचा था। पुलिस ने मृतक की पहचान कार के रजिस्ट्रेशन के आधार पर अलमाश के रूप में की है। फिलहाल पुलिस हादसे और हत्या, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

चलती कार में अचानक लगी आग

घटना गुरुवार रात करीब 11:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरैया मोड़ के पास चल रही कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई कार के पास नहीं पहुंच सका।

दमकल पहुंची तो ड्राइविंग सीट पर मिला जला शव

सूचना मिलते ही बीकेटी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद जब कार का दरवाजा खोला गया तो ड्राइविंग सीट पर युवक का पूरी तरह जला हुआ शव मिला। हालत इतनी खराब थी कि सीट पर केवल कंकाल दिखाई दे रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कार मालिक के आधार पर हुई पहचान

जांच के दौरान पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए वाहन मालिक का पता लगाया। पुलिस के अनुसार, कार खुर्रमनगर निवासी हमीदुल के बेटे अलमाश (32) के नाम पर पंजीकृत है। परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि कार में मौजूद युवक अलमाश ही था। पुलिस अब परिजनों से पूछताछ कर रही है।

हत्या और हादसा, दोनों पहलुओं पर जांच

एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार में आग कैसे लगी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के साथ सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। कार में आग लगने की असली वजह फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि आग किसी तकनीकी खराबी से लगी या इसके पीछे कोई और कारण था।

पुलिस का कहना है कि मृतक के परिवार से भी जानकारी जुटाई जा रही है। युवक देर रात कहां से आ रहा था, किससे मिला था, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30