अल्मोड़ा: उत्तराखंड में अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर में अत्यधिक बारिश के चलते मंगलवार को एक मकान ढहने से उसमें सो रहे तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अल्मोड़ा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना सोमेश्वर तहसील के ग्राम सभा वड़्यूड़ा में आज तड़के 3:30 बजे घटी है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में कल से लगातार तेज बारिश हो रही है। जब गांव में सभी लोग सो रहे थे इसी दौरान राजेंद्र राम का मकान यकायक ढह गया और राजेंद्र राम की पत्नी प्रेमा देवी (42), बेटी कल्पना आर्या (19) और बेटा मनीष कुमार (18) मलबे में दब गए। सबसे पहले गांव के लोग मौके पर जुटे।
इसके साथ ही सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, दमकल विभाग, राजस्व विभाग, सोमेश्वर थाना पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग सभी टीमों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। राजस्व उपनिरीक्षक पातलीबगड़ की रिपोर्ट में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।



















