Rajasthan Mayor Result Live: चूरू में 11 निकायों में से 3 नगर परिषद में BJP के बने सभापति
चूरू जिले के 11 नगर निकायों में पालिका अध्यक्ष और सभापति के लिए चुनाव का परिणाम आ गया है. 11 में से 9 में भाजपा ने जीत दर्ज की है तो रतननगर में कांग्रेस की जीत हुई है. चूरू की 11 निकाय के चुनाव हुए, जिनमें 3 नगर परिषद- चूरू, सरदारशहर और सुजानगढ़ में बीजेपी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की. वहीं 8 नगर पालिका- तारानगर, छापर, रतनगढ़, राजलदेसर, राजगढ़, बिदासर, साहवा, में बीजेपी ने अपना अध्यक्ष बनाने में कामयाबी हासिल की है तो वहीं रतननगर में कांग्रेस का अध्यक्ष बना.
चूरू नगर परिषद से विनय गोयंका उर्फ शेरू गोयंका बीजेपी, सुजानगढ़ नगर परिषद से बीजेपी के मदनलाल गुलरिया, सरदारशहर नगर परिषद से बीजेपी की अनीता टांक, छापर से बीजेपी के प्रेम सुखी जांगिड़, रतनगढ़ नगर पालिका से बीजेपी के सुनील शर्मा, राजगढ़ से बीजेपी के राकेश पूनिया , तारानगर से बीजेपी के हरि इंदौरिया, बिदासर से बीजेपी के सुमन प्रजापत जबकि रतननगर से कांग्रेस की चंदा देवी की जीत हुई.
Rajasthan Mayor Result Live: बारां नगरपरिषद में AAP की शीतल राठौर बनीं सभापति
बारां नगरपरिषद सभापति के चुनाव परिणाम घोषित हो गए. यहां आम आदमी पार्टी की शीतल राठौर विजय घोषित हुईं. शीतल राठौर को 31 वोट मिले. वो 11 वोटों से विजय घोषित हुईं. कांग्रेस की मीनाक्षी भारद्वाज को 20 वोट मिले. यहां बीजेपी वोटिंग से दूर रही. 60 वोटों में से 51 वोट डाले गए.
Rajasthan Mayor Result Live: झुंझुनूं नगरपरिषद में कांग्रेस के अब्दुल्ला नबी अगवान बने सभापति
झुंझुनूं नगरपरिषद सभापति पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज करते हुए अपना गढ़ बरकरार रखा. कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल्ला नबी अगवान नगरपरिषद के नए सभापति निर्वाचित हुए. मतदान में अब्दुल्ला नबी अगवान को 35 वोट, जबकि भाजपा प्रत्याशी मनु धनखड़ को 25 वोट मिले. झुंझुनूं नगरपरिषद के 60 वार्डों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस के 30, भाजपा के 15 और निर्दलीय 15 पार्षद विजयी हुए थे. सभापति चुनाव में कांग्रेस ने अपने पक्ष में 35 वोट जुटाकर बोर्ड पर अपना कब्जा बरकरार रखा.
भाजपा की ओर से भी सभापति पद हासिल करने के लिए पूरी कोशिश की गई, लेकिन मतदान के बाद कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में बहुमत रहा. कांग्रेस की ओर से सांसद बृजेश ओला ने ऐनवक्त तक मोर्चा संभाले रखा और पार्षदों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम किया. अब्दुल्ला नबी अगवान की जीत की घोषणा होते ही कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने पटाखे फोड़कर और नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया. चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे.
Rajasthan Mayor Result Live: झुंझुनूं के 19 नगर निकायों में कांग्रेस का दबदबा
झुंझुनूं जिले के 19 नगर निकायों में अध्यक्ष और सभापति के चुनाव के बाद शहरी सरकार की तस्वीर साफ हो गई है. कांग्रेस ने नगर परिषद झुंझुनूं समेत 11 निकायों में अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है. वहीं भाजपा 7 निकायों में अपना अध्यक्ष बनाने में सफल रही. सूरजगढ़ में निर्दलीय नरेंद्र सिंह ने जीत दर्ज कर अपना बोर्ड बनाया.
झुंझुनूं नगर परिषद में कांग्रेस के अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान सभापति चुने गए. बगड़ में राकेश कुमार शर्मा, बिसाऊ में सलमा, बुहाना में सुधीर रांगेय, चिड़ावा में सुमित्रा सैनी, मंडावा में सज्जन लाल मिश्रा, मंड्रेला में प्रवीण बानो, मुकुंदगढ़ में सत्यनारायण सैनी, नवलगढ़ में माया देवी, सिंघाना में पिंकी और सुलताना में सोनिया कांग्रेस के अध्यक्ष बने हैं.
भाजपा ने डूंडलोद में सचिन सैनी, जाखल में भगवान सिंह, खेतड़ी में गीता देवी, मलसीसर में पवन कुमार, पिलानी में नगेन्द्र कुमार, उदयपुरवाटी में अनुराधा और विद्याविहार में सिकन्दर को अध्यक्ष बनाया. खेतड़ी में गीता देवी निर्विरोध चुनी गईं.
Rajasthan Mayor Result Live: झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस का परचम
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ में कांग्रेस का सभापति विजयी हुआ. झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस ने परचम लहराया. कांग्रेस के प्रत्याशी राजेश गुर्जर नगर परिषद के सभापति बने. कुल 45 सीटों में कांग्रेस के राजेश गुर्जर को 30 वोट मिले. वहीं भाजपा को 15 वोट मिले. नगरपरिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनने पर पार्टी के खेमे में जबरदस्त जश्न का माहौल है.
Rajasthan Mayor Result Live: भजनलाल शर्मा सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर- मदन राठौड़
राजस्थान में नगर निकाय के प्रमुखों के चुनाव नतीजे आने शुरू हो गए हैं. अब तक घोषित नतीजों में बीजेपी को एक तरफा जीत मिलती दिख रही है. ज्यादातर सीटों पर बीजेपी चुनाव जीती है. मेयर की 7 सीटों में से बीजेपी ने 6 पर जीत दर्ज की है. सिर्फ बीकानेर में कांग्रेस को जीत मिली है. 305 नगर निकायों के प्रमुखों के लिए हुए चुनाव में से 32 सीटों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है.
आज (21 सितंबर) 273 निकायों में मतदान हुआ और अब वोटों की गिनती चल रही है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का कहना है कि यह भजनलाल शर्मा सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर है. कांग्रेस सत्ता के दुरुपयोग का जो आरोप लगा रही है वह पूरी तरह गलत है. देश कांग्रेस मुक्त भारत की तरफ बढ़ रहा है.
Rajasthan Mayor Result Live: अजमेर नगर निगम में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत- वासुदेव देवनानी
अजमेर नगर निगम में बीजेपी का बोर्ड बनने पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष और उत्तर विधानसभा विधायक वासुदेव देवनानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इसे ऐतिहासिक जीत बताया. उन्होंने कहा कि कड़े संघर्ष के बीच कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी ने 32 पार्षदों के समर्थन को 43 तक पहुंचाकर अपना मेयर बनाया है.
देवनानी ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार, राज्य में भजनलाल सरकार, विधायक और अब बीजेपी मेयर- इन ‘चार पहियों’ के दम पर शहर का तेजी से विकास होगा. क्रॉस वोटिंग पर उन्होंने कहा कि मतदान गोपनीय होता है, लेकिन बीजेपी की नीतियों पर विश्वास जताते हुए सभी खेमों का वोट मिला है.
Rajasthan Mayor Result Live: डूंगरपुर नगर परिषद को मिली नई सभापति, सुशीला गुप्ता की जीत
राजस्थान के डूंगरपुर नगर परिषद के सभापति पद का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. भाजपा प्रत्याशी सुशीला गुप्ता ने कांग्रेस प्रत्याशी भरत नागदा को हराकर सभापति पद पर जीत दर्ज की. सुशीला गुप्ता को 25 वोट मिले, जबकि भरत नागदा को 12 मत प्राप्त हुए. पूर्व सभापति और राजस्थान स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता की धर्मपत्नी सुशीला गुप्ता को निर्वाचन अधिकारी ने सभापति पद की शपथ दिलाई.
जीत के बाद सुशीला गुप्ता ने शहरवासियों और पार्षदों का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता उनकी प्राथमिकता रहेगी. साथ ही ऐतिहासिक गैप सागर झील के सुंदरीकरण, बेटियों की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर देने की बात कही. उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा कर डूंगरपुर को विकास के नए मुकाम तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा.
Rajasthan Mayor Election Live: सीकर में अध्यक्ष-सभापति पद के चुनाव के नतीजे
सीकर जिले की 14 नगर निकायों में अध्यक्ष-सभापति पद के चुनाव के नतीजे सामने आ रहे हैं. अब तक 13 निकायों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिनमें कांग्रेस 8 और भाजपा 5 निकायों में सत्ता में लौटी है, जबकि खाटूश्यामजी नगर पालिका का नतीजा शाम 5 बजे के बाद आएगा.
कांग्रेस की जीत वाले 8 निकाय: सीकर नगर परिषद, अजीतगढ़, लोसल, दांता, लक्ष्मणगढ़, रामगढ़ शेखावाटी, नीमकाथाना और खंडेला शामिल है.
भाजपा की जीत वाले 5 निकाय: फतेहपुर, धोद, रींगस, श्रीमाधोपुर और पलसाना
खाटूश्यामजी नगर पालिका (20 सीटें): मतदान का समय शाम 5 बजे तक बढ़ाया गया, नतीजे बाद में जारी होंगे.



















