नई दिल्ली। आइची-नागोया से आज का लाइव एक्शन यहीं खत्म होता है। सुबह की शुरुआत अनाहत सिंह और अभय सिंह के सिल्वर मेडल के साथ हुई, भले ही उनके फाइनल मुकाबले एकतरफा रहे। वहीं, शाम के सेशन में एंसी सोजन का (आखिरी जंप में) सिल्वर मेडल पर आना दिल तोड़ने वाला रहा और सर्वेश कुशारे का सिल्वर मेडल जीतना खास रहा।
पारुल चौधरी ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में नेशनल रिकॉर्ड बनाते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। हरिता भद्रा ने 200 मीटर रेस में शानदार फिनिश करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। दो बॉक्सर नरेंद्र और अंकुश भी सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं, जिसका मतलब है कि वे कोई न कोई मेडल लेकर ही घर लौटेंगे।
Asian Games Live: महिला डिस्कस थ्रो फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं सीमा
सीमा कलिरामना मेडल जीतने से चूक गईं। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो 59.88 मीटर की दूरी का फेंका, लेकिन वो चौथे स्थान पर रहीं। चीन की फेंग बिन ने गोल्ड जबकि चीन की जियांग जिचाओ ने सिल्वर मेडल जीता। थाईलैंड की इनसियांग सुबेनरेट ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
28 Sept 20263:43:01 PM
Asian Games Live Updates 2026: सीमा मेडल की रेस से हार
भारत की सीमा ने अपना पर्सनल बेस्ट दिया, लेकिन वह मेडल की रेस से बाहर हो गईं। उन्होंने पांचवें प्रयास में 59.88 मीटर का थ्रो किया जो उनका बेस्ट रहा। हालांकि, वह चौथे स्थान पर ही रहीं। छठे प्रयास में उन्होंने 59.81 मीटर का थ्रो किया। सभी छह प्रयासों में वह एक में भी 60 का मार्क पार नहीं कर सकीं।
वहीं सान्या यादव आठवें पर ही रहीं। उनका बेस्ट थ्रो 49.90 मीटर का रहा। छह में से दो थ्रो उनके फाउल रहे।
28 Sept 20263:26:29 PM
Asian Games live: सीमा चौथे नंबर पर खिसकीं
सीमा ने अपने अगले दो प्रयासों में 58.18 मीटर और 56.89 मीटर का थ्रो किया। अब वह चौथे स्थान पर हैं। चीन की फेंग बिन पहले स्थान पर काबिज हैं और गोल्ड की रेस में सबसे आगे हैं। भारत की ही सान्या यादव सबसे नीचे आठवें स्थान पर हैं। उनके चार में से दो प्रयास फाउल रहे जबकि बाकी दो में वह 50 मीटर का मार्क भी पार नहीं कर पाई हैं।
28 Sept 20263:22:28 PM
Asian Games 2026: 4 गुणा 100 मीटर मिक्स्ड रिले के फाइनल में भारत
भारत ने चार गुणा 100 मीटर मिक्स्ड रिले टीम के फाइनल में जगह बना ली है। हीट-2 में गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजुर, अभिनाया राजारमन और हरिता भद्रा की चौकड़ी ने फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारतीय टीम ने 41.54 सेकेंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
28 Sept 20263:01:58 PM
Asian Games Live Updates: महिलाओं का डिस्कस थ्रो फाइनल शुरू
महिलाओं का डिस्कस थ्रो फाइनल शुरू हो चुका है। सीमा ने अपने पहले और दूसरे प्रयास में क्रमशः 53.67 और 58.40 मीटर का थ्रो किया। वह अभी तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, एक और भारतीय खिलाड़ी सान्या यादव का पहला प्रयास फाउल हो गया। सान्या ने दूसरे प्रयास में 49.90 मीटर का थ्रो किया।
28 Sept 20262:43:17 PM
Asian Games live: स्क्वॉश में भारतीय महिला टीम की जीत
स्क्वॉश में भारतीय महिला टीम ने एक और शानदार जीत हासिल की है। टीम इंडिया ने अपने दूसरे मैच में जापान को 2-1 से मात दी। इससे पहले, आज ही खेले गए शुरुआती मैच में भारत ने चीन को हराया था।
28 Sept 20262:52:05 PM
Asian Games 2026: मुक्केबाजी में प्रिया ने पक्का किया मेडल
लवलीना के बाद भारत की एक और महिला मुक्केबाज प्रिया ने मेडल पक्का कर लिया है। प्रिया ने 60 किलोग्राम भारवर्ग के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान की मिजगोना सामाडोवा को कड़े मुकाबले में 5-0 मात देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसी के साथ उनका मेडल पक्का हो गया है।
28 Sept 20261:05:42 PM
Asian Games Live Updates: स्क्वॉश महिला टीम के सामने जापान
भारतीय महिला स्क्वॉश टीम अपने पहले मैच में जीत हासिल करने के बाद अब दूसरे मुकाबले में उतरी है। इस मैच में उसका सामना जापान से है। मैच शुरू हो चुका है।
28 Sept 202612:41:16 PM
Asian Games Live: पुरुष स्क्वॉश टीम को भी मिली जीत
महिला टीम के बाद पुरुष स्क्वॉश टीम को भी जीत मिली है। भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में चीन को 3-0 से मात दी। अब भारत का सामना साउथ कोरिया से होगा।
28 Sept 202611:26:46 AM
Asian Games Live: ईशा सिंह के हिस्से आया सिल्वर मेडल
भारत की ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा के रोमांचक फाइनल में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। ये मुकाबला आखिर तक बराबरी का रहा, लेकिन फाइनल शूट-ऑफ में चीन की वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर शियाओ ने ईशा को 3-2 से हरा दिया।
28 Sept 202611:23:45 AM
Asian Games: ईशा सिंह की नजरें गोल्ड पर
भारत की महिला निशानेबाज ईशा सिंह 25 मीटर पिस्टल इवेंट के फाइनल में हैं और गोल्ड मेडल की रेस में बनी हुई हैं। इस समय वह शानदार निशाने लगा रही हैं।
28 Sept 202611:19:16 AM
Asian Games live Updates: कुराश में पिंकी ने जीता ब्रॉन्ज
एशियाई खेलों में भारत की पिंकी बल्हारा को कुराश की 78 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना पड़ा है। सेमीफाइनल में उन्हें दक्षिण कोरिया की मो सुमिन से हार का सामना करना पड़ा। पिंकी ये मुकाबला 0-5 से हार गईं।
28 Sept 202610:41:46 AM
Asian Games Live: चिकिता क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, ज्योति को मिली हार
आर्चरी में भारत की महिला खिलाड़ी चिकिता तनिपार्थी रोमांचक मुकाबले में राउंड ऑफ 16 से बाहर होने से बचीं। चेन यी-ह्सुआन के साथ 148-148 से टाई होने के बाद उन्होंने शूट ऑफ में इनर 10 पर निशाना लगाकर जीत हासिल की। वहीं चीनी ताइपे की तीरंदाज सिर्फ 10 ही स्कोर कर पाईं। गुरुवार को क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला इंडोनेशिया की नुरिसा डियान अशरीफा से होगा। वहीं एक और भारतीय मौजूदा चैंपियन ज्योति सुरेखा वेन्नम को हार का सामना करना पड़ा है। वह कोरिया की कांग येओनसेओ से 146-150 से हारकर बाहर हो गईं।
28 Sept 202610:28:46 AM
Asian Games live: लवलीना सेमीफाइनल में पहुंची, मेडल किया पक्का
भारत की ओलंपिक पदक विजेता महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने 75 किलोग्राम भारवर्ग के क्वार्टर फाइनल में कोरिया की सुयोन सियोंग को 5-0 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसी के साथ लवलीना ने मेडल पक्का कर लिया है। अब वह कम से कम ब्रॉन्ज मेडल जीतकर ही भारत लौटेंगी।
28 Sept 202610:21:47 AM
Asian Games 2026: चिकिता और ज्योति राउंड ऑफ 16 में पहुंचीं
आर्चरी में भारत की चिकिता तनिपर्थी और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने महिलाओं के कंपाउंड व्यक्तिगत इवेंट में अपने-अपने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बना ली है। चिखिता ने भूटान की दोरजी डोलमा के खिलाफ 149-140 से मुकाबला जीता। ज्योति ने कजाकिस्तान की आदेल झेक्सेनबिनोवा को 148-145 से मात दी।
28 Sept 202610:18:37 AM
Asian Games Live: लवलीना का मैच शुरू
ओलंपिक पदक विजेता भारतीय महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन का मुकाबला शुरू हो चुका है। उनके सामने कोरियाई खिलाड़ी सुयोन सियोंग हैं। लवलीना 75 किलोग्राम भारवर्ग में उतरी हैं।
28 Sept 202610:12:57 AM
Asian Games 2026: भारत-अफगानिस्तान मैच रद
क्रिकेट में भारत और अफगानिस्तान की पुरुष टीमों के बीच खेला जाने वाला क्वार्टर फाइनल मैच बारिश और गीले मैदान के कारण रद कर दिया गया है। उच्च रैंकिंग के आधार पर भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
28 Sept 20269:28:00 AM
Asian Games 2026: वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?
भारतीय क्रिकेट टीम टी20 में जब भी खेलती है सभी की नजरें इस बात पर रहती हैं कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी खेलेंगे या नहीं। इस मैच में भी सभी को उनके खेलने का इंतजार है।
28 Sept 20269:22:59 AM
Asian Games: मनु भाकर ने फिर किया निराश
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता महिला निशानेबाज भारत की मनु भाकर एशियन गेम्स-2026 में वो कमाल नहीं दिखा पाईं जिसकी उनसे उम्मीद थी। मनु भाकर 25 मीटर पिस्टल फाइनल के लिए क्वालिफाई करने से चूक गईं। मौजूदा विजेता भारत टीम इवेंट में टॉप तीन में भी जगह नहीं बना पाया। ईशा सिंह 8वें स्थान पर रहकर व्यक्तिगत फाइनल में पहुंच गईं जबकि मनु और राही सरनोबत क्रमशः 11वें और 30वें स्थान पर रहीं।
28 Sept 20268:50:42 AM
Asian Games live: स्क्वॉश में भारतीय महिला टीम की जीत
भारतीय महिला स्क्वॉश टीम ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। इस टीम ने शुरुआती पूल मैच में चीन को 2-1 से हराया।
28 Sept 20268:47:44 AM
Asian Games 2026: कुराश में पिंकी ने मेडल किया पक्का
भारत की पिंकी ने कुराश में महिलाओं के 78 किलोग्राम भारवर्ग में मेडल पक्का कर लिया है। पिंकी ने रिपब्लिक ऑफ कोरिया की गारम लिम को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और ये मेडल सुनिश्चित किया। सेमीफाइनल में वह सुबह 10:40 बजे एक और कोरियाई खिलाड़ी सुमिन मो का सामना करेंगी।
28 Sept 20268:44:42 AM
Asian Games live: वॉलीबॉल में भारत की लगातार दूसरी जीत
भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने अपनी लगातार दूसरी जीत हासिल की है। भारत ने ग्रुप सी में हांगकांग चीन को 3-0 (25-22, 25-19, 25-21) से हराकर अपने ग्रुप में टॉप पर अपनी जगह बनाए रखी। ग्रुप स्टेज का उनका आखिरी मैच कल कतर के खिलाफ होगा।
28 Sept 20268:42:17 AM
Asian Games 2026 Updates: सेपक टकरा में भारत को मिली हार
सेपक टकरा में भारतीय महिला डबल्स टीम बिना किसी जीत के टूर्नामेंट से बाहर हुई।
अपने पिछले दो मैचों के उलट भारतीय टीम जापान के खिलाफ एक सेट तो जीत पाई, लेकिन आखिरकार मुकाबला 1-2 से हार गई और ग्रुप बी में सबसे नीचे रही।
28 Sept 20268:39:42 AM
Asian Games live Updates: मनु भाकर से आगे रहीं ईशा सिंह
भारत की महिला निशानेबाज ईशा सिंह ने 25 मीटर पिस्टल के क्वालिफिकेशन का रैपिड स्टेज पूरा किया और कुल 580 का स्कोर हासिल किया। इसी के साथ वह अपनी साथी खिलाड़ी मनु भाकर से एक अंक ज़्यादा हासिल करने में सफल रहीं। ईशा पांचवें स्थान पर हैं जो क्वालिफाई करने के लिए काफी है। मनु नौवें स्थान पर हैं। इस इवेंट में शामिल तीसरी भारतीय शूटर राही सरनोबत ने अभी रैपिड स्टेज शुरू नहीं किया है।
28 Sept 20268:36:36 AM
Asian Games live Updates: सर्फिंग में किशोर कुमार क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
सर्फिंग में भारत के किशोर कुमार अंबारसु ने पुरुषों की शॉर्टबोर्ड प्रतियोगिता के तीसरे राउंड में चीन के मा वेनसोंग को 9.76-8.80 से हराया। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना फिलीपींस के टोबी एस्पेजॉन से होगा। ये मैच कल सुबह 4:54 बजे होगा।
28 Sept 20268:32:17 AM
Asian Games 2026 live Updates: मनु भाकर ने पूरा किया रैपिड स्टेज
दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट निशानेबाज मनु भाकर ने 25 मीटर पिस्टल क्वालिफिकेशन का रैपिड स्टेज भी पूरा कर लिया है और कुल 579 का स्कोर किया है। वह अभी आठवें स्थान पर हैं और उनके फाइनल के लिए क्वालिफ़ाई करने की संभावना कम है। ऐसे में उनका व्यक्तिगत पदक का इंतजार जारी रह सकता है।
28 Sept 20268:28:38 AM
Asian Games 2026: पाकिस्तान-हांगकांग का मैच रद
पुरुष क्रिकेट में आज पाकिस्तान-हांगकांग के बीच होने वाला पहला क्वार्टर फाइनल बारिश की भेंट चढ़ गया। इसी के साथ पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच गया है। बारिश की वजह से यह मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद कर दिया गया। बेहतर रैंकिंग वाली टीम होने के नाते, पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
28 Sept 20268:23:30 AM
Asian Games live: ऑल इंडिया मुकाबले में साहिल को गणेश से मिली हार
आर्चरी में पुरुषों की व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में भारत के लिए मिली-जुली खबर सामने आई है। प्री-क्वार्टर फाइनल में दो भारतीय तीरंदाजों के बीच ही मुकाबला था जो काफी रोमांचक रहा। इस मुकाबले में आंध्र प्रदेश के गणेश मणिरत्नम तिरुमुरु ने हमवतन साहिल जाधव को 149-148 के बेहद नजदीकी अंतर से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।



















