Viral Video: डिजिटल कंटेंट क्रिएटर निधि कंवर ने एक वीडियो के जरिए अपने ‘लूजर’ से ‘सबसे लकी’ बनने की कहानी शेयर की है, जो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. 3 मिनट के इस वीडियो में निधि बताती हैं कि वे स्कूल टाइम से ही पढ़ाई में बहुत अच्छी थीं. 10th में उनके 90% और 12th में 95% परसेंट नंबर्स आए थे. इसी वजह से उन्हें एक बढ़िया इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन मिल गया, जहां से उन्हें बेंगलुरु में 80 हजार रुपये महीना की इंटर्नशिप मिल गई. यह सब देखकर परिवार वालों को लगने लगा था कि उनकी लाइफ सेट हो गई है, लेकिन तभी समय बदल गया.
‘9 महीने तक कोई नौकरी नहीं मिली’
निधि बताती हैं, ‘इंटर्नशिप खत्म होने के बाद मुझे 9 महीने तक नौकरी नहीं मिली. मैं लगातार कोशिश करती रही, लेकिन मुझे किसी ने काम नहीं दिया. लास्ट इंटरव्यू मैंने गूगल में दिया था. ऐसा लगा था कि मैं यहीं के लिए बनी हूं और आसानी से सिलेक्ट हो जाऊंगी, लेकिन कंपनी ने मुझे रिजेक्ट कर दिया. धीरे-धीरे मेरा सब्र टूटने लगा और मैं डरने लगी. मैं 6 महीने तक घर से बाहर नहीं निकली. लोगों से बात करना बंद कर दिया. फिर एक दिन मेरी दादी का फोन आया. उन्होंने कहा- ‘बाबू तू बहुत बड़़ा सपना देख रही है, कुछ छोटा भी मिल जाए तो देख ले.’ उस दिन मुझे लगा कि शायद मेरे सपने बहुत बड़े हैं.
‘AM I A Looser’ से शुरू हुआ नया सफर
अगले दिन निधि ने यूट्यूब पर चैनल बनाया और पहला वीडियो अपलोड किया- जिसका टाइटल था- ‘Am I A Looser’. निधि ने बताया, ‘मैं लोगों के सवालों से डरने लगी थी. फिर मैंने सोचा कि कौन हैं ये लोग? और कब तक मैं इस तरह से जियूंगी? इनका सामना करना पड़ेगा. इसीलिए मैंने ये वीडियो बनाई थी. इसके बाद मैंने इंस्टाग्राम पर भी अपने वीडियोज डाले. अब 1 साल के अंदर मेरे 1 मिलियन फॉलोअर्स हो गए. अब मुझे लगता है कि मैं दुनिया की सबसे लकी इंसान हूं. मेरे साथ जो कुछ भी हो रहा है, उसके पीछे कुछ ना कुछ अच्छी वजह है. इस एक साल में मेरा नजरिया पूरी तरह से बदल गया है. अब मैं फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट भी हूं और खुश भी. जो सफलता मुझे गूगल में नौकरी करके चाहिए थी वो मुझे यूट्यूब से मिल गई.



















