चम्बा (रणवीर): चम्बा शहर के समीपवर्ती साहो क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पंडाह गांव में एक जंगली भालू ने एक व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। इस अचानक हुई घटना में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल व्यक्ति को तुरंत पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंडाह गांव के निवासी विजय कुमार पुत्र मोहन लाल रविवार सुबह अपनी घासनी (खेत) में रोजमर्रा की तरह घास काट रहे थे। इसी दौरान अचानक वहां एक भालू आ पहुंचा और उसने विजय कुमार पर झपट्टा मार दिया। भालू ने व्यक्ति की पीठ, टांग, बाजू और हाथ पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। खतरे को भांपते हुए विजय कुमार ने हिम्मत जुटाई और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उनके शोर मचाने के कारण भालू घबरा गया और मौके से जंगल की तरफ भाग निकला।
व्यक्ति को घायल अवस्था में देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। वहीं पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर घायल व्यक्ति को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। आवश्यक एक्स-रे और जांच के बाद उन्हें अस्पताल में दाखिल कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में तैनात मेडिकल टीम को मरीज के स्वास्थ्य पर कड़ी निगरानी रखने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।
उधर, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवर संभवतः भोजन की तलाश में पहाड़ों से निचले रिहायशी क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। इससे पहले भी इलाके में भालू देखे गए हैं और ये फसलों को भी काफी नुक्सान पहुंचा रहे हैं। भालू की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल है। पंचायत के लोग एहतियात के तौर पर एक-दूसरे को अकेले जंगल या खेतों की तरफ न जाने की सलाह दे रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से पुरजोर मांग की है कि इस भालू को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से पकड़कर किसी अन्य दूरस्थ जंगल में छोड़ा जाए।



















