इंदौर: कृष्णबाग कॉलोनी में सड़क किनारे रखा एक सोफा उसके आसपास बिखरा घरेलू सामान और सामने ईंट-पत्थरों का ढेर.. इसी मलबे के बीच कुछ बच्चे खेल रहे हैं। थोड़ी दूर पर एक महिला ईंटों के चूल्हे पर चाय बना रही है। कभी इसी जगह उसका घर हुआ करता था। जहां रसोई थी वहां अब मलबा है और जिस छत के नीचे परिवार रहता था वह बुलडोजर की कार्रवाई में जमींदोज हो चुकी है। घर उजड़ने के बाद भी जिंदगी रुकी नहीं है। भूख लगी तो सड़क पर ही चूल्हा जलाना पड़ा और रात हुई तो उसी मलबे के बीच बिस्तर बिछाकर सोना पड़ा है।
पीड़ितों की कहानियां सुनकर दिल भर आए
इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार को हुई प्रशासन की रिमूवल कार्रवाई के करीब 36 घंटे बाद जब नवभारत टाइम्स डॉट कॉम की टीम मौके पर पहुंची तो वहां सिर्फ टूटे मकान नहीं बल्कि तीन परिवारों की ऐसी कहानियां मिलीं, जिन्हें सुनकर किसी का भी दिल भर आए। किसी ने मजदूरी करके जिंदगीभर की कमाई से आशियाना बनाया था। किसी ने पति की आखिरी निशानी समझकर घर को संभालकर रखा था तो किसी ने सालों तक कानूनी लड़ाई लड़ने के बावजूद अपना घर बचाने की उम्मीद नहीं छोड़ी। बुलडोजर ने दीवारें गिरा दीं लेकिन इन लोगों के मन में एक सवाल छोड़ दिया कि अब आखिर जाएं तो जाएं कहां?
मकान की किस्त कहां से भरूंगा?
दीपक सोनी की कहानी उस मेहनतकश इंसान की है जो खुद के लिए कम और अपने परिवार के लिए ज्यादा जीता है। करीब 12 साल पहले उन्होंने प्लॉट खरीदा था। इसके बाद धीरे-धीरे मेहनत की कमाई जोड़कर मकान बनाया। दीपक मजदूरी करते हैं और खाना बनाने का काम भी करते हैं। उनकी दिनचर्या ऐसी थी कि सुबह 6 बजे साइकिल लेकर काम पर निकलते और रात 11 से 12 बजे घर लौटते थे। कई बार पूरा दिन काम करने के बाद भी उन्हें पता नहीं होता था कि अगले दिन कितनी कमाई होगी।
घर अपना होगा
लेकिन उनके मन में एक सपना था कि एक दिन अपना घर होगा। करीब 8-9 साल पहले उनका यह सपना पूरा हुआ। उन्होंने मकान बनवाया। दीपक बताते हैं कि मकान की रजिस्ट्री है, नगर निगम का टैक्स भरा है, बिजली का कनेक्शन है और दूसरे सरकारी शुल्क भी जमा किए हैं। यहां तक कि मकान बनाने के लिए लोन भी लिया था।
मलबे में बदल गया
उन्हें लगता था कि मेहनत से बनाया गया घर एक दिन उनके परिवार का सहारा बनेगा। उन्होंने मकान किराए पर दिया था ताकि उससे मिलने वाले पैसे से लोन की किस्त चुकाते रहें। लेकिन सोमवार को सब कुछ बदल गया। जिस मकान को बनाने में सालों की मेहनत लगी वह कुछ ही देर में मलबे में बदल गया।


















