पश्चिम बंगाल में फर्जी पहचान पत्र के सहारे 15 साल से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक की गिरफ्तारी हुई है. आरोपी पर पहचान छिपाकर शादी करने का भी आरोप है. जानिए पूरी खबर.
प्रतिनिधि फरक्का : मुर्शिदाबाद जिले के सागरदिघी थाना क्षेत्र के गोबरडांगा गांव से पुलिस ने कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र के सहारे करीब 15 वर्षों से रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रनी शेख उर्फ मोहम्मद हंसलम के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह बांग्लादेश के राजशाही जिले के गोदागाड़ी क्षेत्र का निवासी है.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
सागरदिघी थाना प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि गोबरडांगा गांव में एक संदिग्ध व्यक्ति कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लंबे समय से रह रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गांव में अभियान चलाकर उसे हिरासत में लिया. जांच के दौरान उसके पास से कथित तौर पर फर्जी पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पहचान छिपाकर शादी करने का भी आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि आरोपी ने करीब आठ वर्ष पहले गोबरडांगा गांव की भारतीय मूल की युवती लवली खातून से कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाकर शादी की थी. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
न्यायालय में पेश, दस्तावेजों की जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अब कथित फर्जी दस्तावेजों और आरोपी के भारत में रहने से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.



















