Viral Video: अरुणाचल प्रदेश के रहने वाले एक युवक ने इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए अपनी बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाने की कोशिश की है. इस वीडियो में उसने कहा, ‘भारत में रहकर भी हमें भारतीय होने की इज्जत नहीं मिली. आज भी लोग हमारी शक्ल देखकर तय कर लेते हैं कि हम कहां के रहने वाले हैं. हम 15 अगस्त मनाते हैं, 26 जनवरी मनाते हैं, यहां तक की बापू जी का बर्थडे भी मनाते हैं. फिर भी क्या मिलता है इनाम में? लोग चाइनीज, चिंकी, मोमो, नेपाली कहकर चिढ़ाते हैं.’
‘प्लीज मोदी जी! हमको चीन नहीं जाना है’
युवक ने आगे कहा, ‘हमें भारतीय होने पर गर्व है. हम इस मिट्टी से मोहब्बत करते हैं. तिरंगे से प्यार करते हैं. दिल में हिंदुस्तान लिए घूमते हैं. लेकिन जब कोई सिर्फ चेहरे के आधार पर हमें चीनी बोलता है या चिंकी, चाऊमीन, मोमो कहकर चिढ़ाता है तो दिल से बुरा लगता है. अरुणाचल वालों को चीनी मत बोलो. यहां के लोगों की पहचान और सम्मान की इज्जत करो. अरुणाचल प्रदेश भारत का एक अभिन्न हिस्सा है. हम सब भारतीय हैं. एक राष्ट्र, एक गौरव. कृपया इसका सम्मान करो. प्लीज मोदी जी हमको चीन नहीं जाना है.’
‘मुझे लोगों ने गलत साबित कर दिया’
26 अक्टूबर को पोस्ट किया गया ये वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हुआ और 48 घंटे से भी कम समय में इसे 43 लाख लोगों ने देख लिया. 28 अक्टूबर को एक नया वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए युवक ने कहा, ‘पहले मुझे लगता था कि अरुणाचल प्रदेश के रहने वाले लोगों को कोई सपोर्ट नहीं करता. लेकिन आप सभी ने मुझे गलत साबित कर दिया. सोशल मीडिया ने खूब सपोर्ट किया और कहा कि भाई तुम इंडियन हो, इंडियन हो. इसी बात पर आज आप सभी को जय हिंद.’



















