इंडिया गठबंधन की रामलीला मैदान रैली पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सुबह से भाषण सुनने के बाद उन्हें पूरा आयोजन समय की बर्बादी लगा।
दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने रैली में भीड़ जुटाने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैदान का करीब 40 फीसदी हिस्सा खाली था। पात्रा ने दावा किया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की टीम ने रैली में 10 लाख लोगों के पहुंचने की बात कही थी, लेकिन मौके पर ऐसा नजर नहीं आया।
संबित पात्रा ने कहा कि भाजपा सुबह से इंडिया गठबंधन की रैली पर नजर रख रही थी और राहुल गांधी के भाषण को भी ध्यान से सुना। हालांकि, आखिर में उन्हें यह पूरा आयोजन समय की बर्बादी लगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनकी टीम के 10 लाख लोगों के जुटने के दावे की हकीकत मैदान में दिखाई दे रही थी।
’28 हजार कुर्सियों में 5 से 7 हजार खाली थीं’
भाजपा सांसद ने रैली में खाली जगह और कुर्सियों का हवाला देते हुए कहा कि रामलीला मैदान का लगभग 40 फीसदी हिस्सा खाली था। उन्होंने दावा किया कि मैदान में करीब 28 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं, जिनमें से दोपहर 3:30 से 4 बजे के बीच लगभग 5 हजार से 7 हजार कुर्सियां खाली थीं।
‘ऐसे हथकंडों से कोई नेता या प्रधानमंत्री नहीं बनता’
संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल इस तरह के हथकंडों से कोई नेता या प्रधानमंत्री नहीं बन सकता। उन्होंने प्रधानमंत्री शब्द का अपने अंदाज में अर्थ समझाते हुए कहा कि ‘पी’ का मतलब पसीना और ‘एम’ का मतलब मेहनत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के लिए पसीना बहाना और मेहनत करना जरूरी है। पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन में इतनी सारी पार्टियां और झंडे एक साथ आने के बावजूद 10 लाख लोगों की भीड़ नहीं जुटा पाए।
पात्रा ने सवाल उठाया कि अगर रैली में 10 लाख लोगों के आने का दावा किया गया था, तो वे लोग कहां थे? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दावों और मैदान की वास्तविक स्थिति में अंतर साफ दिखाई दे रहा था।



















