मुंबई की आबोहवा को प्रदूषण से बचाने और बॉम्बे हाईकोर्ट के कड़े आदेशों का पालन कराने के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने इस साल दीवाली पर विशेष जागरूकता मुहिम शुरू की थी। इस अभियान के तहत खेल और सिनेमा जगत की मशहूर हस्तियों से नागरिकों से पटाखे न जलाने और पर्यावरण अनुकूल त्योहार मनाने की अपील कराई गई थी।

लेकिन अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो सामने आते ही सत्ता पक्ष के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद नगर निकाय दबाव में आकर उनका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से चुपचाप हटाना पड़ा।

‘हमें सीखने की जरूरत नहीं’, मुंबई भाजपा अध्यक्ष ने दर्ज कराया कड़ा विरोध
बीएमसी द्वारा वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद मुंबई भाजपा के अध्यक्ष अमित साटम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कड़ा ऐतराज जताया। बीएमसी को टैग करते हुए साटम ने दो टूक लिखा कि मुंबईकरों और सनातन समाज को दीया मिर्जा से यह सीखने की कतई जरूरत नहीं है कि दीवाली का त्योहार कैसे मनाया जाए, क्योंकि यह परंपरा भारतीय संस्कृति में गहराई से रची-बसी है।

जब उनसे पूछा गया कि अन्य हस्तियों के वीडियो पर आपत्ति क्यों नहीं है, तो उन्होंने तर्क दिया कि माधुरी दीक्षित और अजिंक्य रहाणे कला व खेल जगत का सच्चा प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि दीया मिर्जा पर उन्होंने अतीत में भारत विरोधी और अराजक तत्वों के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया।

शिवसेना और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले की भी आई तीखी प्रतिक्रिया
इस सियासी विवाद में शिवसेना प्रवक्ता शायना एनसी ने भी अभिनेत्री के रुख पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दीवाली रोशनी का महापर्व है और जिनके नाम में ही ‘दीया’ जुड़ा है, उन्हें यह समझना चाहिए कि इस त्योहार से करोड़ों लोगों की गहरी सांस्कृतिक भावनाएं जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि कोई प्रदूषण को बढ़ावा नहीं देना चाहता, लेकिन नागरिकों को त्योहार मनाने के तौर-तरीके सिखाने के लिए किसी बाहरी उपदेश की आवश्यकता नहीं है।

वहीं केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि देश का संविधान हर समुदाय को अपने त्योहार पूरे उत्साह से मनाने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हर कोई ईद का सम्मान करता है, उसी तरह हिंदू दीवाली मनाते हैं; पटाखों के बिना त्योहार का उत्साह अधूरा लगता है, हालांकि प्रदूषण को लेकर सतर्कता भी जरूरी है।

बॉम्बे हाईकोर्ट की सख्ती के बाद बीएमसी ने शुरू किया था सेलिब्रिटी कैंपेन
नगर निगम द्वारा मशहूर हस्तियों को इस अभियान से जोड़ने की पृष्ठभूमि बॉम्बे हाईकोर्ट की हालिया फटकार से जुड़ी है। अदालत ने शहर में वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर और त्योहारों के दौरान पटाखों की अनियंत्रित बिक्री व इस्तेमाल पर बीएमसी को कड़ी चेतावनी दी थी।

हाईकोर्ट ने सार्वजनिक सड़कों, पार्कों और रिहायशी सोसायटियों के खुले मैदानों में पटाखे फोड़ने पर सख्त पाबंदी लगाने के साथ निर्देश दिया था कि लोगों को जागरूक करने के लिए लोकप्रिय हस्तियों की मदद ली जाए।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30