इस्लामपुर। बंगाल में बरुईपुर, गायघाटा और शमशेरगंज के बाद अब उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में पुलिस की गोली से एक और आरोपित की मौत हो गई। नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में मुख्य आरोपित दिलीप राय को सोमवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया।

पुलिस के अनुसार, बंगाल-बिहार सीमा पर गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर आरोपित ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल रायगंज गवर्नमेंट मेडिकल कालेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

बंगाल-बिहार सीमा पर छापेमारी 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रायगंज थाने की विशेष टीम ने सोमवार सुबह बंगाल-बिहार सीमा से सटे परारपुकुर घाट इलाके में छापेमारी की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि नाबालिग लड़की की हत्या और दुष्कर्म का मुख्य आरोपित दिलीप राय वहां छिपा हुआ है।

पुलिस को देखते ही की फायरिंग

पुलिस की गाड़ी के मौके पर पहुंचते ही आरोपित ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस की गाड़ी के टायर में भी गोली लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दिलीप राय को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल आरोपित को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद बंगाल-बिहार सीमा से सटे इलाकों में सनसनी फैल गई है। रायगंज पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

तीन दिन बाद जंगल में मिला था नाबालिग का शव

मालूम हो कि पिछले गुरुवार को रायगंज के अब्दुलघाटा जंगल इलाके से एक लापता नाबालिग लड़की का सड़ा-गला शव बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतका के स्वजन ने रायगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

तीन तारीख से लापता थी लड़की

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान दुष्कर्म और हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया था। बताया जाता है कि लड़की तीन तारीख को लापता हुई थी और पांच तारीख को उसका शव बरामद किया गया था।

पुलिस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने की सराहना

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। हिंदू जागरण मंच के संयोजक सौमित्र दे ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि बंगाल में लंबे समय से महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। इनमें बड़ी संख्या 18 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों की होती है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि लड़की की हत्या के बाद भी आरोपित ने उसके पिता से उसे खोजकर वापस लाने के नाम पर रुपये लिए थे। सौमित्र डे ने कहा कि इस मामले में पुलिस पर काफी दबाव था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपित तक पहुंचने में सफलता हासिल की। उन्होंने पुलिस और मामले में सहयोग करने वाले सांसद की भूमिका की भी सराहना की।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30