राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को याद दिलाया कि 1930 के दशक में जब सेंट्रल प्रोविंस असेंबली में RSS पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई थी, तब उसका बचाव करने के लिए कोई स्वयंसेवक मौजूद नहीं था. उस समय RSS के समर्थन में केवल एक व्यक्ति की आवाज उठी थी, जिनका नाम इब्राहिम था. आखिर मोहन भागवत किस इब्राहिम के बारे में बात कर रहे हैं जिसने RSS को बैन करने खिलाफ आवाज उठाई थी.
मोहन भागवत ने क्या कहा?
मोहन भागवत सोमवार को नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के रेनोवेट किए मुख्यालय में नए बने सभागार का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे. यहां भागवत ने कहा कि उस समय संघ की विचारधारा का समर्थन करने वाला कोई नहीं था. तब इब्राहिम ने तर्क दिया कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और यह सांप्रदायिक नहीं है.
मोहन भागवत ने कहा, “30 के दशक में, जब सेंट्रल प्रोविंस असेंबली में संघ पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई, तो संघ का बचाव करने के लिए कोई स्वयंसेवक नहीं था; संघ की विचारधारा का समर्थन करने वाला भी कोई नहीं था. तब मिस्टर इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संघ के समर्थन में आवाज उठाई. उन्होंने कहा कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और यह सांप्रदायिक नहीं है.”
भागवत की स्पीच की 4 बड़ी बातें
1. व्यक्ति निर्माण से देश निर्माण: RSS का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण के जरिए समाज और देश को बेहतर बनाना है। संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार का मानना था कि अच्छे व्यक्ति से ही अच्छे समाज और देश का निर्माण होता है।
2. प्रचारक पूरा जीवन संगठन को समर्पित करते हैं: RSS के प्रचारक बिना किसी स्वार्थ, अहंकार या व्यक्तिगत लाभ की उम्मीद के संगठन और समाज के लिए काम करते हैं। वे अपनी निजी इच्छाओं को भी संगठन के लिए छोड़ देते हैं।
3. प्रचारकों का त्याग दूसरों के लिए प्रेरणा: प्रचारकों और स्वयंसेवकों के समर्पण और त्याग को सिर्फ शब्दों में नहीं समझाया जा सकता। उनके साथ रहकर ही इसे महसूस किया जा सकता है। उनका जीवन दूसरों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है।
4. प्रचारक स्वयंसेवकों को संगठन के लक्ष्य से जोड़ते हैं: हर स्वयंसेवक आदर्शों पर पूरी तरह खरा नहीं उतर पाता, लेकिन सभी समाज के लिए अच्छा काम करने की कोशिश करते हैं। प्रचारक अपने व्यवहार और समर्पण से स्वयंसेवकों को संगठन के उद्देश्यों से जोड़े रखते हैं।
100 साल बाद भी स्वयंसेवक ही संघ की पहचान हैं- मोहन भागवत
मोहन भागवत ने आगे बताया, “अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा था, ‘मेरा मानना है कि जो लोग कहते हैं कि हिंदुस्तान एक ‘हिंदू राष्ट्र’ है, उन्हें तो पागलखाने भेज देना चाहिए. मैं डॉ. हेडगेवार को जानता हूं. वे पागल नहीं हैं, बल्कि एक अच्छे इंसान हैं. इसलिए, संघ सांप्रदायिक नहीं हो सकता.’ उस समय संघ बने हुए कुछ ही साल हुए थे. तब संघ के बारे में बहुत कम लोग जानते थे, लेकिन डॉ. हेडगेवार को सब जानते थे… जब संघ की शुरुआत हुई, तो स्वयंसेवक ही उसकी पहचान बन गए. आज 100 साल बाद भी, स्वयंसेवक ही संघ की पहचान हैं.”
प्रचारकों पर लिखी गई एक किताब के बारे में बात करते हुए, मोहन भागवत ने कहा कि ऐसे लोगों के जीवन के बारे में कृतज्ञता और स्नेह के कारण लिखा जा रहा है, न कि किसी भौतिक लाभ के लिए. उन्होंने कहा, “किसी भी प्रचारक ने कभी ऐसी उम्मीद नहीं की, और न ही कभी करेगा, क्योंकि इसमें पाने के लिए कुछ भी भौतिक नहीं है.” उन्होंने आगे कहा कि एक प्रचारक के लिए केवल ‘संघ’ ही सब कुछ है. संघ के अलावा उसके लिए और कुछ भी नहीं है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऐसे लोगों के प्रति स्वाभाविक रूप से श्रद्धा और सम्मान की भावना पैदा होती है.
उन्होंने कहा, “उनके समर्पण और निष्ठा को शब्दों में पूरी तरह से नहीं लिखा जा सकता. यह एक ऐसा अनुभव है जिसे केवल महसूस किया जा सकता है. जो लोग सीधे उनके संपर्क में आए हैं, वे ही इसे समझ सकते हैं.”



















