Dev Uthani Ekadashi 2026 Tulsi Vivah: कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी यानी हरि प्रबोधिनी एकादशी के साथ ही चार महीने से रुके हुए सभी मांगलिक कार्य और विवाह संस्कार शुरू हो जाते हैं. हिंदू धर्म में यह एक खास परंपरा है कि आम लोगों के शादी-विवाह के मुहूर्त शुरू होने से पहले भगवान शालिग्राम और तुलसी का विवाह कराया जाता है. इस विवाह के संपन्न होने के बाद ही आम लोगों के विवाह संस्कार और अन्य मांगलिक कार्यों के मुहूर्त निकाले जाते हैं.
लोगों के मन में अक्सर यह जिज्ञासा और भ्रम रहता है कि आखिर बिना तुलसी विवाह के विवाह संस्कार शुरू क्यों नहीं होता है और इसके पीछे क्या धार्मिक मान्यता है. चलिए इस अनोखी परंपरा के रहस्य को विस्तार से जानते हैं हरिद्वार के विद्वान पंडित से…
पतिव्रता वृंदा के श्राप और वरदान की पौराणिक कथा
इसकी जानकारी करने के लिए हमने हरिद्वार के विद्वान पंडित मनोज मिश्रा से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि तुलसी विवाह की परंपरा के पीछे एक पौराणिक कथा जुड़ी हुई है. मनोज मिश्रा बताते हैं कि पौराणिक कथा के अनुसार पतिव्रता वृंदा के श्राप के कारण भगवान विष्णु शालिग्राम यानी पत्थर के बन गए थे, जिसके बाद माता लक्ष्मी और सभी देवी-देवताओं ने वृंदा से विशेष प्रार्थना की तो पतिव्रता वृंदा ने अपना श्राप वापस ले लिया था.
21 नवंबर से शुरू होंगे शादी-विवाह के शुभ मुहूर्त
पंडित मनोज मिश्रा आगे बताते हैं कि इसी प्राचीन परंपरा और भगवान विष्णु के वरदान के कारण ही हर साल देवउठनी एकादशी पर सबसे पहले शालिग्राम और तुलसी का विवाह कराया जाता है. साल 2026 में देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को आ रही है इसलिए इस दिन पूरे विधि-विधान के साथ सबसे पहले तुलसी विवाह कराया जाएगा.
भगवान शालिग्राम और तुलसी का विवाह पूरा होगा उसके बाद ही आम नागरिकों और परिवारों के लिए शादी-विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे. मनोज मिश्रा के अनुसार 20 नवंबर को तुलसी विवाह होने के बाद 21 नवंबर से आम लोगों के विवाह संस्कार और सभी मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे.
(Disclaimer): इस लेख में दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। यहां दी गई ज्योतिष, वास्तु या धार्मिक जानकारी मान्यताओं और विभिन्न स्रोतों पर आधारित है। किसी भी उपाय, सलाह या विधि को अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के प्रमाणित विशेषज्ञ या विद्वान से परामर्श अवश्य लें।


















