Hanuman Ansh 100 Days: फिल्मी दुनिया में अपनी पहली ही कोशिश में बड़ी पहचान बनाना हर किसी के बस की बात नहीं होती. लेकिन निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने अपनी पहली फिल्म से ही दर्शकों के बीच खास जगह बना ली है. आस्था और नीम करोली बाबा की शिक्षाओं पर बनी इस फिल्म को दर्शकों का ऐसा प्यार मिला कि इसकी चर्चा दूर-दूर तक होने लगी. अब इस कामयाबी ने एक और खास मुकाम हासिल कर लिया है.

नई दिल्ली. फिल्मों की दुनिया में कई बार ऐसी कहानियां देखने को मिलती हैं, जो कम बजट और बिना बड़े सितारों के भी दर्शकों का दिल जीत लेती हैं. कुछ ऐसा ही कमाल फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने कर दिखाया है. करीब 1.8 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसी सफलता हासिल की, जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी. फिल्म ने सिनेमाघरों में अपने 100 दिन पूरे कर लिए हैं. खास बात यह है कि महज 10 लाख रुपये से अपना सफर शुरू करने वाली इस फिल्म ने दुनियाभर में 453 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है. इस कामयाबी के साथ फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी भी चर्चा में आ गए हैं. बतौर निर्देशक यह उनकी पहली फिल्म है.

‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी रही थी. फिल्म ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 10 लाख रुपये का कलेक्शन किया था. पहले हफ्ते में भी इसकी कमाई करीब 1.08 करोड़ रुपये ही रही. शुरुआत के आंकड़ों को देखकर शायद ही किसी ने सोचा होगा कि आने वाले दिनों में यह फिल्म इतनी बड़ी कामयाबी हासिल करेगी.

हालांकि, धीरे-धीरे फिल्म को दर्शकों का प्यार मिलने लगा. इसकी कहानी और विषय को पसंद किया गया. दर्शकों की तारीफ और अच्छे वर्ड ऑफ माउथ का फिल्म को फायदा मिला. इसके बाद सिनेमाघरों में इसकी कमाई बढ़ती चली गई. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लंबी दौड़ लगाई और अब इसे रिलीज हुए 100 दिन पूरे हो चुके हैं. 

फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के आंकड़े इसकी सफलता की कहानी बताते हैं. ‘हनुमान अंश’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 343.11 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. वहीं, भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन लगभग 404.97 करोड़ रुपये हो गया है.

विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला. ओवरसीज मार्केट से इसने करीब 48.70 करोड़ रुपये की कमाई की. इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 453.67 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. यानी जिस फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपये कमाए थे, उसने आगे चलकर दुनियाभर में 453 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया. 

‘हनुमान अंश’ की सफलता की सबसे खास बात इसका बजट है. बताया जा रहा है कि फिल्म को बनाने में करीब 1.8 करोड़ रुपये खर्च हुए थे. इसके बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया. छोटे बजट की इस फिल्म ने कमाई के मामले में कई बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया.

फिल्म की कहानी आस्था और आध्यात्मिकता से जुड़ी है. इसे नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित होकर बनाया गया है. फिल्म में शोभिनव सत्य, विहान शेडगे, चंदन आनंद, अनिल रस्तोगी और पूर्णिमा तिवारी जैसे कलाकार नजर आए हैं. फिल्म में कोई बहुत बड़ी स्टारकास्ट नहीं थी, लेकिन इसकी कहानी दर्शकों तक पहुंचने में कामयाब रही.

फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के लिए यह सफलता बेहद खास है. ‘हनुमान अंश’ बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म है. उन्होंने इसकी कहानी लिखने के साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाली है. पहली ही फिल्म को सिनेमाघरों में 100 दिन तक बनाए रखना और दुनियाभर में इतनी बड़ी कमाई करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है. 

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30