करनाल (मेनपाल) : हरियाणा के करनाल में जीटी रोड पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक भीषण सड़क हादसे में दो नौजवानों की जिंदगी खत्म हो गई। नीलोखेड़ी के माता मंदिर के पास तड़के करीब चार बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पर सवार दो युवक सड़क पर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

रोजगार की तलाश में निकले थे, रास्ते में मौत ने घेरा

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के रहने वाले 25 वर्षीय शीशपाल और 28 वर्षीय सुरवीर के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थे और पंजाब में बिजली की लाइनों पर काम करने के लिए जा रहे थे। ट्रैक्टर खाली था और उस पर पांच से सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। दोनों युवक ट्रैक्टर के अगले हिस्से में बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने ट्रैक्टर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनकी जान चली गई। रोजगार की तलाश में घर से निकले दोनों युवकों को क्या पता था कि मंजिल तक पहुंचने से पहले ही उनका सफर हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा।

दोनों परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के मुताबिक शीशपाल और सुरवीर दोनों शादीशुदा थे। एक युवक के चार बच्चे हैं, जबकि दूसरे के तीन बच्चे हैं। परिवार की जिम्मेदारियां संभालने वाले दोनों युवक बिजली की लाइनों पर काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। अब उनके पीछे सात मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। जिस घर में दोनों के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। पुलिस जांच अधिकारी सतीश कुमार के मुताबिक हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर पर सवार दो युवकों की मौत हुई है। ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, परिजनों ने भी हादसे के लिए ट्रक चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30