चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने शुक्रवार को चेन्नई के कोलातुर में स्कूली बच्चों के बीच केक बांटकर बाल दिवस मनाया। उनके इस अंदाज से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। दरअसल रेशमी कमीज और धोती पहने मुख्यमंत्री कोलातुर स्थित मदुमानगर चेन्नई नगर निगम मध्य विद्यालय पहुंचे। उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों को केक और शुभकामना-पत्र भेंट किए। इसके साथ ही राज्यभर के विद्यालयों में बाल दिवस समारोहों की शुरुआत हुई।
मई में मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद थलपति विजय का यह पहला बाल दिवस समारोह है। संयोग से यह पहला अवसर भी है जब राज्य सरकार ने इस मौके पर स्कूली बच्चों के बीच केक वितरित करने की पहल की है। आधिकारिक तौर पर 14 नवंबर को मनाए जाने वाले बाल दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार ने शुक्रवार को ही सरकारी और वित्त-पोषित विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए।
इस दौरान पूरे राज्य में विद्यार्थियों को शुभकामना-पत्रों के साथ 45 ग्राम के केक वितरित किए गए। कोलातुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में मुस्कुराते हुए एक-एक कर अपनी जगह पर खड़े हुए और मुख्यमंत्री से उपहार प्राप्त किए। उपहार मिलने पर बच्चों ने प्रसन्नता के साथ उन्हें धन्यवाद सर कहा।
जब सीएम ने लड़के को गोद में उठाया
विजय ने केक बांटने के बाद एक लड़के को गोद में उठाया, उसे केक खिलाया और पूछा कि क्या उसे यह पसंद आया। संकोच के साथ उस बच्चे ने अपने गले में पहने ताबीज पर अपनी नन्ही उंगलियां घुमाईं, प्यारी सी मुस्कान बिखेरी और सहमति में सिर हिलाया। इसके बाद विजय ने उसे नीचे उतारा और अन्य बच्चों से बातचीत की। मुख्यमंत्री द्वारा बच्चे को गोद में उठाने और उससे कुछ सवाल पूछने का वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित हो रहा है।
सब ठीक है, आत्मविश्वास रखें
मुख्यमंत्री ने शुरुआत में पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को और बाद में अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों को केक वितरित किए। विद्यार्थियों को दिए गए ग्रीटिंग कार्ड पर मुख्यमंत्री की ओर से बाल दिवस की शुभकामनाओं के साथ यह संदेश भी लिखा था कि सब ठीक है, आत्मविश्वास रखें। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ।
लोगों से शिकायतपत्र स्वीकारा
इससे पहले विजय ने पेरंबूर विधानसभा क्षेत्र कार्यालय का औचक दौरा किया और कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र हुए लोगों से उनके शिकायतपत्र स्वीकार किए। इसके अलावा, उन्होंने एक सरकारी स्कूल के पोषण केंद्र का औचक निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन को खुद चखकर यह सुनिश्चित किया कि उसकी गुणवत्ता और पोषण मानकों को बनाए रखा गया है।
61.8 लाख विद्यार्थियों को केक मिले
बाल दिवस समारोह के तहत राज्यभर के सरकारी और वित्त-पोषित विद्यालयों में पढ़ने वाले लगभग 61.8 लाख विद्यार्थियों को केक मिले। सरकार ने बताया कि प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के 61,84,566 विद्यार्थियों को केक और मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर वाले ग्रीटिंग कार्ड वितरित करने के लिए राज्य सरकार ने 9.27 करोड़ रुपये मंजूर किए थे।(


















