हैदराबाद। तेलंगाना ‘गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम’ की शुरुआत से पहले आज शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी हैदराबाद में गिग वर्कर्स के साथ एक बाइक रैली में शामिल हुए।
गिग वर्कर्स की इस रैली में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और अन्य कांग्रेस नेता भी राहुल गांधी के साथ नजर आए। रैली के दौरान राहुल गांधी और रेवंत रेड्डी स्कूटी पर पीछे बैठे थे।
यह रैली शहर के आईटी कॉरिडोर में स्थित शिल्परामम सरकारी ऑडिटोरियम से शुरू होकर माधापुर के जयाभेरी ग्राउंड पर खत्म हुई।
राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन रोकने के लिए पुलिस ने किया नजरबंद’, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष रामचंद्र राव का दावा

तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने शनिवार को आरोप लगाया कि उन्हें और पार्टी के अन्य नेताओं को ‘नजरबंद’ (house arrest) कर दिया गया, ताकि वे शहर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दौरे के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन न कर सकें।
राव ने पुलिस की इस कार्रवाई को गैर-कानूनी और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। उनका कहना है कि वे कांग्रेस के खिलाफ विरोध जताना चाहते थे, क्योंकि सरकार ने अपने चुनावी वादों को पूरा नहीं किया और लोगों को धोखा दिया है। इसके अलावा, वे राज्य सरकार द्वारा शहर में आयोजित किए जा रहे ‘भारत समिट’ के खिलाफ भी विरोध करना चाहते थे।
राव के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तारनाका स्थित उनके आवास पर जमा हो गए और भारत शिखर सम्मेलन के आयोजन को रोकने के लिए उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया
पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए राव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भाजपा को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के उसके लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने से रोककर तानाशाही रवैया अपना रही है।
राव ने बाद में पत्रकारों को बताया, ‘सुबह 6 बजे से ही मेरे आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं और उन्होंने मुझे घर से बाहर निकलने से रोक दिया है।’
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हैदराबाद दौरे और शहर में आयोजित ‘भारत समिट’ के खिलाफ भाजपा द्वारा विरोध प्रदर्शन की आशंका थी, इसलिए तेलंगाना पुलिस ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव को नज़रबंद कर दिया और राज्य भर में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)


















