आंध्र प्रदेश में एक कारोबारी ने अपना आलीशान घर बनवाने का सपना देखा और इसके लिए खूब पैसे भी जमा किए, लेकिन अब वहीं पैसे रद्दी में बदल गए हैं। जी हां, जो पैसे कारोबारी कब से इक_ा कर रहा था, वो महज रद्दी बन कर रह गए। ये पूरा मामला आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले से सामने आया है। दरअसल, कृष्णा जिले के माइलवारम में एक कारोबारी सूअरों को खरीदने-बेचने का काम करता था। इस कारोबारी का नाम बिजली जमालय है। वह अपनी सभी आमदनी बैंक में जमा कराने के बजाय अपने घर में एक ट्रंक में रख देता था। कारोबारी का सपना था कि वो इन पैसों से खुद के लिए एक आलीशान घर बनवाएगा। हालांकि जब एक दिन कारोबारी ने उस ट्रंक को खोलकर देखा तो उस पैरों तले जमीन ही खिसक गई। क्योंकि ट्रंक में रखे करीब पांच लाख रुपये दीमक लगने की वजह से रद्दी में बदल चुके थे। यह देख बिजली काफी ज्यादा निराश हो गया। उसके मेहनत से कमाए पैसे रद्दी बन चुके थे। इसके बाद कारोबारी ने सोचा कि अब ये पैसे काम के नहीं रहे तो इन्हें बच्चों के बीच बांट देता हूं, ताकि वो इससे खेल ही लें। लेकिन यहां भी किस्मत उसकी खराब निकली। दरअसल, एक दिन जब बच्चे नोटों से खेल रहे थे तो किसी की नजर उन पर पड़ गई और उसने पुलिस को इस बारे में सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो भारी मात्रा में दीमक लगे हुए नोटों को देखकर दंग रह गई। फिलहाल पुलिस ने नोटों को जब्त कर कारोबारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
Next Article मिशन मोड में काम करने कलेक्टरों को निर्देश
Related Posts
Add A Comment



















