नई दिल्ली: वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज केएल राहुल ने न केवल संयम भरी पारी खेली बल्कि एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। शुक्रवार को भारत की पहली पारी की शुरुआत करने उतरे राहुल दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 116 गेंदों में 52 रन बनाकर नाबाद लौटे। न्यूजीलैंड की सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में यह राहुल का पहला पचास या उससे अधिक का स्कोर है जिसने उन्हें भारतीय क्रिकेट इतिहास के एक बेहद खास क्लब में अकेला टॉप पर पहुंचा दिया है।

आज तक कोई भारतीय नहीं कर पाया ऐसा

कर्नाटक के इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अब वह कारनामा कर दिखाया है जो आज तक कोई भी भारतीय टेस्ट ओपनर नहीं कर सका था। केएल राहुल सभी चार सेना देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर कम से कम एक अर्धशतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया में भी किया है अच्छा प्रदर्शन

साल 2014 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट से अपना करियर शुरू करने वाले राहुल का सेना देशों में बतौर ओपनर रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अब तक खेले 8 टेस्ट मैचों की 15 पारियों में एक शतक और दो अर्धशतक की मदद से 435 रन बनाए हैं। वहीं इंग्लैंड की कठिन परिस्थितियों में उन्होंने 13 टेस्ट मैचों की 26 पारियों में चार शतक और तीन अर्धशतक सहित 1129 रन कूटे हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका में 5 टेस्ट मैचों की 9 पारियों में उनके नाम एक शतक और एक अर्धशतक के साथ 240 रन दर्ज हैं।

भारतीय बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन

वेलिंगटन टेस्ट के दूसरे दिन केएल राहुल ने युवा ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर भारतीय पारी को बेहद मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 126 रनों की शानदार साझेदारी की जिसमें जायसवाल ने महज 89 गेंदों में 16 चौकों की मदद से 85 रनों की आक्रामक पारी खेली। न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से यह चौथी शतकीय ओपनिंग साझेदारी रही और साल 1994 में नयन मोंगिया व नवजोत सिंह सिद्धू के बीच हुई 102 रनों की साझेदारी के बाद पिछले 32 सालों में पहली बार किसी भारतीय सलामी जोड़ी ने कीवी जमीन पर 100 रन का आंकड़ा पार किया।

शाम के सत्र में तेज गेंदबाज मैट हेनरी द्वारा यशस्वी जायसवाल को आउट किए जाने के बाद केएल राहुल ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 29 रनों की अटूट साझेदारी कर 39 ओवरों की समाप्ति तक भारत का स्कोर एक विकेट पर 159 रन तक पहुंचा दिया। पिछले दो टेस्ट मैचों में लगातार दो शतक जड़ने वाले देवदत्त पडिक्कल भी 35 गेंदों में 16 रन बनाकर राहुल के साथ क्रीज पर डटे हुए हैं।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30