नई दिल्ली। एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन की बैठक गुरुवार, 19 नवंबर को हुई। इस बैठक में पहली बार ऐसा हुआ, जब अमेरिका, रूस और चीन के राष्ट्रपति एक साथ एक टेबल पर आए। इस बातचीत ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा।
इस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग एक साथ मौजूद रहे। इन तीनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन युद्ध से लेकर मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग और ईरान के पास न्यूक्लियर पावर तक के विषयों पर चर्चा की।
वहीं इस शिखर सम्मेलन के दौरान एक और चीज जो लोगों की नजरों तक पहुंची, वो है एक ब्रीफकेस। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रूसी सैन्य वर्दी पहने एक व्यक्ति को एक रहस्यमयी काला ब्रीफकेस ले जाते हुए देखा गया।
रहस्यमयी काले ब्रीफकेस का क्या है राज?
रूसी सरकारी टेलीविजन के कैमरे ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ चल रहे नौसैनिक अधिकारी पर जूम किया, तो रिपोर्टर येवगेनी पोपोव ने उस ब्रीफकेस की ओर इशारा करते हुए दर्शकों को बताया, ‘यह न्यूक्लियर ब्रीफकेस है।’
रिपोर्टर की बात की इस टेलीविजन शो में मौजूद अधिकारी ने भी पुष्टि की। अधिकारी ने मुस्कुराते हुए बताया कि यह वही बैग है, जिसके जरिए रूसी राष्ट्रपति अपने देश के परमाणु हथियारों तक सीधे पहुंच सकते हैं – इसे ‘चेगेट (Cheget)’ कहा जाता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के पास भी ऐसा ही एक बैग होता है, जिसे ‘न्यूक्लियर फुटबॉल (nuclear football)’ कहा जाता है। यह हमेशा राष्ट्रपति के साथ ही रहता है। हालांकि शेन्जेन में हो रहे शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ अभी तक ऐसा कोई बैग नहीं दिखा है।
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी ऐसा ही कोई ब्रीफकेस साथ रखते हैं या नहीं, इस बारे में अभी कोई जानकारी स्पष्ट नहीं है।
काला ब्रीफकेस है न्यूक्लियर बॉम्ब का रिमोट कंट्रोल?
रूस के राष्ट्रपति के साथ नजर आया ये ब्रीफकेस सिर्फ अपनी ताकत दिखाने का एक जरिया है, या सच में इनके जरिए नेता कभी भी परमाणु हमले का आदेश दे सकते हैं? आइए जानते हैं इस काले ब्रीफकेस के पीछे की पूरी कहानी।
न्यूक्लियर ब्रीफकेस, एक विशेष रूप से तैयार किया गया ब्रीफकेस होता है, जो सैन्य कमांड सिस्टम से जुड़ा होता है। इसके जरिए कोई भी नेता परमाणु हमले का आदेश दे सकता है।
सैद्धांतिक रूप से, परमाणु हमला तब भी हो सकता है जब राष्ट्रपति विमान में हों, किसी शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हों, या होटल में सो रहे हों।
इन परमाणु ब्रीफकेस की मदद से नेता कहीं भी हों, वे कभी भी हमला करने या जवाबी हमला करने का आदेश दे सकते हैं। यह ‘डिटरेंस’ यानी दुश्मन को रोकने की रणनीति के लिहाज से अहम है। अगर दुश्मन को यह लगे कि दूसरा पक्ष जवाबी हमला कर सकता है, तो वह हमला करने का विचार छोड़ सकता है।
क्यों बनाए गए ये न्यूक्लियर ब्रीफकेस?
अमेरिका और रूस (तत्कालीन सोवियत संघ) के ये सिस्टम ‘शीत युद्ध’ (Cold War) के दौरान बने थे। उस समय दोनों महाशक्तियों के नेताओं के सामने ऐसी स्थिति आ सकती थी, जहां उन्हें बहुत कम समय की चेतावनी के साथ परमाणु हमले का फैसला लेना पड़े।
हालांकि, लाल बटन पर उंगली रखे होने वाली तस्वीर असल में उतनी सच नहीं है। किसी नेता के आदेश को लागू करने के लिए सैन्य कर्मियों और एक बहुत बड़े संचार तंत्र की जरूरत होती है। हालांकि अंतिम निर्णय राष्ट्रपति का ही होता है।
न्यूक्लियर बॉम्ब का इस्तेमाल करना इतना आसान नहीं है, क्योंकि इसका असर एक बड़े क्षेत्र पर होता है और कई आने वाली पीढ़ियां इससे ग्रसित रहती हैं।


















