बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच हिंसा और अराजकता की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला सिलहट शहर का है, जहां अज्ञात उपद्रवियों ने विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर के मुख्य गेट के बाहर कपड़ों के टुकड़ों में आग लगा दी। गुरुवार देर रात हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि आग घर के अंदर तक नहीं पहुंची और किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
हुमायूं कबीर के घर को बनाया निशाना
‘प्रथम आलो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सिलहट के दरियापारा इलाके में हुई। सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर अफजल हुसैन ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच कुछ अज्ञात लोगों ने घर के मुख्य गेट के सामने कपड़ों के टुकड़ों में आग लगा दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने और आग लगाने के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
घटना के वक्त घर पर मौजूद नहीं थे मंत्री
स्थानीय निवासियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मकान में हुमायूं कबीर के चाचा और परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं। विदेश राज्य मंत्री सिलहट आने पर इसी घर में ठहरते हैं। हालांकि, घटना के समय वह वहां मौजूद नहीं थे। रिपोर्ट के मुताबिक, उनका शुक्रवार दोपहर सिलहट पहुंचने का कार्यक्रम था।
सिलहट विकास प्राधिकरण के चेयरमैन रेजाउल हसन कोयेस लुधी भी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह कोई बड़ी आगजनी की घटना नहीं थी और न ही कोई व्यक्ति घर के भीतर दाखिल हुआ था।
बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच बढ़ी हलचल
गौरतलब है कि बांग्लादेश में अवामी लीग की गतिविधियां फिर तेज होने और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सुरक्षित वापसी की मांग के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। गुरुवार को अवामी लीग के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। वहीं, तारिक रहमान के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा रखा है। ऐसे माहौल में मंत्री के आवास के बाहर आग लगाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक हालात को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।


















