व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में तेलुगु समाज ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उद्यमशीलता से बनाई विशिष्ट पहचान

मुख्यमंत्री श्री साय 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में हुए शामिल, समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और योगदान की सराहना की

छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का रिश्ता केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि आत्मीयता और विश्वास का भी : मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क परियोजना से दोनों राज्यों के बीच व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी नई गति

रायपुर – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शनिवार को राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने तेलुगु समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि में तेलुगु समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। समाज के लोगों ने व्यापार, शिक्षा, उद्योग और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, परिश्रम तथा उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई है। छत्तीसगढ़ की प्रगति में तेलुगु समाज का योगदान सराहनीय है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज के बीच दशकों पुराना आत्मीय संबंध है। तेलुगु समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को भी अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन में समाज की सक्रिय भागीदारी हमारी विविधता में एकता की भावना को और मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी विशेषता उसकी सांस्कृतिक विविधता है और विभिन्न भाषाओं एवं परंपराओं का यही सुंदर संगम हमारी राष्ट्रीय एकता की शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि पांच दशकों का यह सफर केवल एक संगठन की उपलब्धियों का इतिहास नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। आंध्रा एसोसिएशन ने समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि तेलुगु समाज के लोग अपनी मेहनत, अनुशासन और उद्यमशीलता के लिए जाने जाते हैं। छत्तीसगढ़ में व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति है। भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान में भी तेलुगु समाज से जुड़े इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज की इस कर्मठता और सक्रिय भागीदारी से प्रदेश के औद्योगिक विकास को निरंतर मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच बेहतर सड़क संपर्क दोनों राज्यों के विकास की नई संभावनाओं को साकार करेगा। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित किए जा रहे सड़क मार्ग से आवागमन अधिक सुगम होगा। यात्रा के समय और दूरी में कमी आने के साथ माल परिवहन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे दोनों राज्यों के बीच आर्थिक संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अपनी मातृभाषा, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करना प्रत्येक समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलन विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले समाज के लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने, अनुभव साझा करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आंध्रा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और समाज के सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों तथा अन्य कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से तेलुगु समाज की समृद्ध लोककला, सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जी. स्वामी, श्री आर. सुब्बा राव, श्री श्रीनिवास पटनायक सहित आंध्रा एसोसिएशन के पदाधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित थे।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30