नई दिल्ली। आज के समय में अपने बेहतर भविष्य के साथ माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उनकी पढ़ाई और शादी के खर्चों की तैयारी पहले से ही शुरू कर देते हैं। इसके लिए कई लोग ऐसी सरकारी योजनाओं में निवेश करना पसंद करते हैं, जहां पैसा सुरक्षित रहने के साथ अच्छा ब्याज भी मिले। केंद्र सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना (Sukanya Samriddhi Yojana) ऐसी ही एक छोटी बचत योजना है, जिसमें निवेश करके बेटी के लिए लाखों रुपये का फंड तैयार किया जा सकता है।
इस योजना में फिलहाल 8.2 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है। अगर माता-पिता हर साल अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा करते हैं, तो लंबी अवधि में करीब 70 लाख रुपये से ज्यादा का फंड तैयार हो सकता है। लेकिन क्या इस योजना में बेटे के नाम पर भी खाता खुलवा सकते हैं या यह सुविधा सिर्फ बेटियों के लिए है? आइए जानते हैं SSY के नियम, निवेश और रिटर्न का पूरा गणित।
बेटी या बेटे, किसके नाम पर खुल सकता है SSY अकाउंट?
सुकन्या समृद्धि योजना खासतौर पर बेटियों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित करने के लिए शुरू की गई है। इसलिए इस योजना में केवल लड़की के नाम पर ही खाता खोला जा सकता है। अगर आपके घर में बेटे का जन्म हुआ है, तो उसके नाम पर SSY अकाउंट नहीं खुलवा सकते।
हालांकि, अगर परिवार में बेटा और बेटी दोनों हैं, तो माता-पिता अपनी बेटी के नाम पर इस योजना में निवेश कर सकते हैं। इसके लिए बेटी की उम्र 10 साल से कम होनी चाहिए। बच्ची के माता-पिता या कानूनी अभिभावक उसके नाम पर खाता खुलवा सकते हैं।
एक परिवार में सामान्य तौर पर अधिकतम दो बेटियों के नाम पर खाते खोले जा सकते हैं। हालांकि, जुड़वां या तीन बेटियों के जन्म जैसी विशेष परिस्थितियों में नियमों के अनुसार दो से अधिक खाते खोलने की अनुमति भी है।
इस योजना से जुड़ी प्रमुख बातें इस प्रकार हैं:
- न्यूनतम सालाना निवेश: 250 रुपये
- अधिकतम सालाना निवेश: 1.5 लाख रुपये
- मौजूदा ब्याज दर: 8.2 फीसदी सालाना
- निवेश की अवधि: खाता खुलने के बाद 15 साल
- मैच्योरिटी: खाता खुलने के 21 साल बाद
हर साल 1.5 लाख रुपये जमा करने पर कितना मिलेगा?
सुकन्या समृद्धि योजना में एक वित्त वर्ष के दौरान अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं। अगर आप बेटी के जन्म के तुरंत बाद खाता खुलवाते हैं और हर साल इसमें 1.5 लाख रुपये का निवेश करते हैं, तो 15 साल में आपका कुल निवेश 22.5 लाख रुपये होगा।
अब अगर उदाहरण के तौर पर 8.2 फीसदी ब्याज दर पूरी अवधि में समान बनी रहती है और हर साल की शुरुआत में निवेश किया जाता है, तो 21 साल की मैच्योरिटी पर करीब 71.8 लाख रुपये का फंड तैयार हो सकता है।
इसमें लगभग 22.5 लाख रुपये आपका कुल निवेश होगा, जबकि करीब 49.3 लाख रुपये ब्याज से मिलेंगे। इस तरह कंपाउंडिंग की ताकत से छोटी उम्र में शुरू किया गया निवेश बेटी के भविष्य के लिए बड़ा फंड तैयार कर सकता है।
ध्यान रखें कि यह एक अनुमान है। वास्तविक रिटर्न भविष्य में सरकार की ओर से तय की जाने वाली ब्याज दरों और जमा करने के समय पर निर्भर करेगा।


















