सोशल मीडिया पर एक एनआरआई बच्चे का वीडियो वायरल हो रहा है। सबसे खास बात यह है कि बच्चा हिंदी बोलना नहीं जानता है, लेकिन जब जिद पे आ गईं पार्वती गाना गा रहा है। रशियन मां का रिएक्शन वायरल हो गया है।
संगीत को महसूस करने के लिए भाषा की जरूरत नहीं होती। धुन और भावनाएं सीधे दिल तक पहुंच जाती हैं। इन दिनों फिल्म हनुमान अंश का गाना जब जिद पे आ गईं पार्वती सोशल मीडिया पर खूब छाया हुआ है। इस गाने पर बच्चे, बड़े और कई अन्य लोग रील्स बना रहे हैं। इसी बीच एक छोटे एनआरआई बच्चे का वीडियो वायरल हो रहा है, जो हिंदी न बोल पाने के बावजूद पूरे उत्साह से यह भजन गाता नजर आ रहा है। बच्चे का अंदाज देखकर उसकी रशियन मां भी हैरान रह जाती हैं।
हिंदी नहीं आती, लेकिन भजन के बोल हैं याद
इंस्टाग्राम पर भारतीय-रशियन कपल के अकाउंट से शेयर किए गए वीडियो में बच्चा जब जिद पे आ गईं पार्वती, समझाने पहुंचे सप्तऋषि…, गाने को पूरे जोश के साथ गाता दिखाई देता है। उसके चेहरे के भाव और गाने के प्रति उत्साह लोगों का दिल जीत रहे हैं। खास बात यह है कि बच्चा हिंदी में बातचीत नहीं कर पाता, लेकिन उसे गाने के बोल याद हैं। बेटे को इतनी सहजता से गाते देख उसकी रशियन मां साशा भी आश्चर्य से उसे निहारती रह जाती हैं। उनके चेहरे पर खुशी और हैरानी का मिला-जुला भाव इस वीडियो को और खास बना रहा है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने लुटाया प्यार
वीडियो वायरल होने के बाद लोग बच्चे की मासूमियत और गायकी की तारीफ कर रहे हैं। किसी को उसकी आवाज प्यारी लगी, तो किसी ने मां के रिएक्शन को वीडियो का सबसे खूबसूरत पल बताया है। लोग वीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोगों ने मजाक में बच्चे का वोकल टीचर बनने की इच्छा भी जताई, जबकि कई लोगों ने कहा कि इस गाने को सुनकर उनका दिन बन गया। भारतीय और रूसी संस्कृति से जुड़े लोगों के बीच भी वीडियो खूब पसंद किया जा रहा है।


















