कैथल : जिले के गांव जाजनपुर में रविवार दोपहर दिनदहाड़े गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। हमलावर ने कुर्सी पर बैठे राजीव कुमार पर अपनी निजी रिवॉल्वर से एक के बाद एक 6 राउंड फायर किए। गोलियां सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगने से राजीव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजीव कुमार रविवार दोपहर अपने पड़ोसी के मकान के सामने कुर्सी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव का ही वीरेंद्र श्योकंद वकील है जो कि कैथल कोर्ट में प्रैक्टिस करता है, वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने अपनी निजी रिवॉल्वर निकालकर राजीव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गोलियां लगने से राजीव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
दिनदहाड़े हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस वारदात से जुड़े तथ्यों और हत्या के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।


















