देश के बड़े पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी के पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दी है। मामला गोवा की फैक्ट्री में तैयार पानी के एक बैच की जांच से जुड़ा है। शुरुआती जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली थी, जबकि दूसरी जांच में PAHs की मौजूदगी की बात सामने आई। इस बीच बिसलेरी ने इन खबरों पर सफाई देते हुए कहा है कि मामला करीब 14 महीने पुराना है। कंपनी का कहना है कि उसका पानी पूरी तरह सुरक्षित है।

क्या है FSSAI की कार्रवाई का मामला?

रिपोर्ट्स के अनुसार, FSSAI ने पानी के सैंपल की जांच में मिली कमियों के बाद बिसलेरी के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत कोर्ट में केस चलाने की अनुमति दी है। बताया जा रहा है कि शुरुआती जांच में पानी में ‘ब्रोमेट’ की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई थी। जब कंपनी ने इस पर सवाल उठाया और दोबारा जांच हुई, तो उसमें ‘PAHs’ नाम के नुकसानदेह तत्व मिलने का दावा किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, ब्रोमेट और PAHs ये दोनों ही केमिकल शरीर के लिए खतरनाक होते हैं और कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं। यह सैंपल किसी दुकान से नहीं, बल्कि कंपनी के प्लांट से ही लिया गया था।

बिसलेरी ने अपनी सफाई में क्या कहा?

बिसलेरी ने मीडिया रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रिया देते हुए इस पूरे घटनाक्रम को करीब 14 महीने पुराना बताया है। कंपनी ने बताया कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा वाले प्लांट से जुड़ा है, जहां 30 सितंबर 2025 को छह सैंपल लिए गए थे। कंपनी का कहना है कि पांच सैंपल सभी मानकों पर खरे उतरे थे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिला, जबकि तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।

कंपनी ने बताया कि 22 नवंबर 2025 की अपील के बाद रेफरल लैब में दोबारा जांच हुई, जिसमें ब्रोमेट तय सीमा के अंदर पाया गया, लेकिन PAHs की मौजूदगी की बात सामने आई। इसके बाद बिसलेरी ने सरकार से मान्यता प्राप्त एक दूसरी प्राइवेट लैब से अपने पानी की जांच करवाई, जहां पानी पूरी तरह से सही निकला। कंपनी का कहना है कि इसके बाद कोई सूचना न मिलने से उन्हें लगा मामला बंद हो गया है और उन्हें अभी तक कोई नोटिस नहीं मिला है।

कंपनी का दावा- पानी पीने लायक और सुरक्षित है

बिसलेरी ने अपने बयान में कहा है कि पीने के पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह अपनी 10-चरणीय निर्माण प्रक्रिया के दौरान 90 से ज्यादा क्वालिटी टेस्ट करते हैं। कंपनी ने यह भी कहा कि वह नियामक प्रक्रिया के तहत FSSAI के साथ सहयोग जारी रखेगी और वर्षों से भरोसेमंद ब्रांड होने के नाते उनका पानी पूरी तरह सुरक्षित है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30