कॉरपोरेट टैक्स घटाने के बाद भी नौकरियां और वेतन न बढ़ाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत को खरी-खरी सुनाई थी। अब कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने उनकी बात को हकीकत बताया है। लेकिन थरूर यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि सिर्फ कंपनियों पर उंगली उठाना काफी नहीं, सरकार की नीतियां भी कसौटी पर हैं। उन्होंने कारोबार की मुश्किलों और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर भी तीखा हमला बोला।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को कहा कि कंपनियों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा, वह एक सच्चाई है। थरूर के मुताबिक कंपनियों के पास अपनी सफाई हो सकती है, मगर सरकार का तर्क साफ है। टैक्स इसलिए घटाया गया था कि कंपनियां ज्यादा निवेश करें, रोजगार बढ़ाएं और वेतन बढ़ाएं, लेकिन उन्होंने अपने हिस्से का वादा नहीं निभाया।
थरूर ने नौकरी के हालात पर चिंता जताई। उनका कहना है कि लोग बता रहे हैं कि नौकरी मिलना बहुत मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी आईआईटी ग्रेजुएट को प्लेसमेंट नहीं मिला, जो पहले सुनने में नहीं आता था। उनके अनुसार कॉलेज से निकले युवाओं के लिए रोजगार का माहौल काफी निराशाजनक है।
सरकार को भी सुनाया
थरूर ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री कंपनियों पर और कंपनियां सरकारी नीतियों पर उंगली उठा रही हैं, तो इस पर नजर रखनी होगी। उनका मानना है कि सरकार बहुत कुछ बेहतर कर सकती है। नियम आसान किए जा सकते हैं, क्योंकि कारोबार में आसानी अभी जमीन पर नहीं दिखती। उन्होंने दावा किया कि जिस भी कारोबारी से वे बात करते हैं, वह कहता है कि भ्रष्टाचार पहले से कहीं ज्यादा बढ़ा है। इसी पर उन्होंने “न खाऊंगा, न खाने दूंगा” वाले नारे का जिक्र करते हुए बीफ को लेकर एक राजनीतिक तंज कसा।
प्रधानमंत्री ने क्या कहा था
यह पूरा विवाद प्रधानमंत्री के गुरुवार के भाषण से निकला है। मोदी ने फिक्की की वार्षिक आम बैठक में कहा कि सरकार ने कारोबारी माहौल सुधारने के कई कदम उठाए हैं, जिनमें बुनियादी कॉरपोरेट टैक्स 2014 के 30 फीसदी से घटाकर 22 फीसदी करना शामिल है। उन्होंने उद्योगपतियों से पूछा कि वे हमेशा और मांगते हैं, लेकिन क्या उन्होंने ज्यादा कर्मचारी रखे और वेतन बढ़ाया? उन्होंने 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स छूट का जिक्र करते हुए कहा कि इससे लोगों की खरीदने की ताकत बढ़ी है और इसका असर मांग और कारोबार के विस्तार में दिखना चाहिए। साथ ही उन्होंने उद्योग जगत से कहा कि सुधारों के लिए अपने सुझाव खुलकर लिखकर भेजें।


















