भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्‍ट ड्रॉ हो गया है। मेजबान टीम ने आखिरी दिन आखिरी सेशन में पांच विकेट के नुकसान पर अपनी दूसरी पारी में 239 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए थे। मैच का करीब आधा घंटा शेष था। भारतीय कप्‍तान शुभमन गिल ने मैच का नतीजा न आते देख कीवी कप्‍तान टॉम लैथम से बातचीत कर मैच को ड्रॉ पर खत्‍म करने का फैसला किया। बता दें कि 2018 के बाद यह पहली बार है, जब वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में कोई टेस्‍ट ड्रॉ पर खत्‍म हुआ है। इस मैच के बाद हेनरी निकोल्‍स को प्‍लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया, जिन्‍होंने पहली पारी में नाबाद 175 और दूसरी पारी में न्‍यूजीलैंड के लिए 31 रन की पारी खेली।

आखिरी दिन आखिरी सेशन में विकेट के लिए तरसा भारत

न्‍यूजीलैंड की टीम वेलिंगटन टेस्‍ट के 5वें और आखिरी दिन आखिरी सेशन में 96 ओवर में 206/5 से आगे खेलने उतरी थी। इस सेशन में कीवी टीम ने 24 ओवर में भारतीय गेंदबाजों का सामना करते हुए सिर्फ 33 रन बनाए, लेकिन कोई विकेट नहीं गिर सका। इस दौरान भारतीय कप्‍तान शुभमन गिल ने नियमित गेंदबाजों के अलावा यशस्‍वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और देवदत्‍त पडिक्‍कल तक को आजमाया, लेकिन ग्‍लेन फिलिप्‍स और डेरिल मिचेल ने शानदार डिफेंस करते हुए मैच को ड्रॉ कराकर ही दम लिया।

जब मैच ड्रॉ घोषित किया गया, तब न्‍यूजीलैंड का दूसरी पारी में स्‍कोर 120 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 239 था। डेरिल मिचेल 186 गेंदों पर 4 चौके और एक छक्‍के की मदद से नाबाद 49 रन और ग्‍लेन फिलिप्‍स 126 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नाबाद 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे हैं।

दूसरे सेशन में मिला सिर्फ एक विकेट

आखिरी दिन चायकाल तक न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट खोकर 206 रन बनाए थे। दूसरे सेशन में न्यूजीलैंड का एकमात्र विकेट टॉम ब्लंडेल के रूप में गिरा, जो कि अंशुल कंबोज का शिकार हुए। टी तक मिचेल और फिलिप्स के बीच छठे विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी हो हुई।

चांस बने, लेकिन नहीं मिला किस्‍मत का साथ

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को पहले से ही पता था कि वह मैच को जीत नहीं सकते हैं। इसलिए उन्‍हें ड्रॉ के लिए खेलना होगा। इसी वजह से आखिरी दिन उन्‍होंने पूरी तरह से डिफेंस पर फोकस किया। भारतीय गेंदबाजों ने दूसरे सेशन में कुछ चांस जरूर बनाए थे, लेकिन उन्‍हें किस्मत का साथ नहीं मिला। वहीं, कुछ हाफ चांस को फील्डर्स भी विकेट में तब्दील करने में असफल रहे।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30