आज का दिन केवल भारतीय इतिहास की एक तारीख नहीं, बल्कि स्वतंत्र भारत के लोकतांत्रिक भविष्य की नींव रखे जाने का ऐतिहासिक दिन है। 1949 में इसी दिन संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। यह वह दस्तावेज है जिसने विविधताओं से भरे भारत को एक सूत्र में बांधते हुए प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का भरोसा दिया।
इस महान संविधान के निर्माण में प्रारूप समिति के अध्यक्ष भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की भूमिका ऐतिहासिक और निर्णायक रही। बाबा साहब केवल संविधान के प्रमुख शिल्पकार ही नहीं थे, बल्कि सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और असमानता के विरुद्ध आजीवन संघर्ष करने वाले महान चिंतक, अर्थशास्त्री और समाज सुधारक भी थे। उन्होंने ऐसे भारत की कल्पना की थी जहां किसी व्यक्ति का भविष्य उसकी जाति, धर्म, लिंग अथवा सामाजिक पृष्ठभूमि से नहीं, बल्कि उसके अधिकारों और अवसरों से निर्धारित हो। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श बाबा साहब की उसी व्यापक सोच को अभिव्यक्त करते हैं। इसलिए संविधान का सम्मान केवल एक पुस्तक या उसके प्रावधानों का सम्मान नहीं, बल्कि उन मूल्यों और संघर्षों का सम्मान है जिनके लिए बाबा साहब ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया।
संविधान गौरव दिवस: मोदी सरकार की ऐतिहासिक पहल : लंबे समय तक 26 नवंबर संविधान अंगीकरण दिवस के रूप में आम जनजीवन में वह व्यापक पहचान नहीं बना पाया, जिसका वह हकदार था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर संविधान और उसके निर्माता बाबा साहब आंबेडकर को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाने की पहल की। वर्ष 2024 में संविधान अंगीकरण के 75 वर्ष पूरे होने पर सरकार ने ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ अभियान के माध्यम से इस गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों में बाबा साहब के विचारों को धरातल पर उतारने का प्रयास : बाबा साहब ने जिस भारत का सपना देखा था, उसमें सामाजिक न्याय केवल भाषणों का विषय नहीं, बल्कि शासन की प्राथमिकता होना चाहिए था। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी समान अवसर, सम्मान और अधिकार मिलने चाहिएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की अनेक नीतियों और संवैधानिक पहलों को इसी दृष्टिकोण से देखा जा सकता है।
सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों के विस्तार की दिशा में 102वें संविधान संशोधन के माध्यम से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया। 103वें संशोधन से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान हुआ। 105वें संशोधन ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सामाजिक एवं शैक्षिक रूप से पिछड़े वर्गों की पहचान करने की शक्ति पुन: स्पष्ट रूप से प्रदान की। अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम को 2015 और 2018 में मजबूत करने के लिए संशोधन किए गए, ताकि पीड़ितों को कानूनी संरक्षण और न्याय मिल सके। महिलाओं की भागीदारी और समानता के क्षेत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 यानी 106वां संविधान संशोधन एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसी प्रकार तीन तलाक को कानूनन प्रतिबंधित करने वाला 2019 का कानून मुस्लिम महिलाओं को न्याय और सुरक्षा देने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम रहा है।
बाबा साहब को सम्मान: पंचतीर्थ से संविधान दिवस तक : बाबा साहब का सम्मान केवल उनके नाम पर स्मारक बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी स्मृतियों, विचारों और योगदान को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाना भी जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी सरकार ने इस दिशा में पंचतीर्थ की अवधारणा को आगे बढ़ाया:
1. महू, मध्य प्रदेश- बाबा साहब की जन्मभूमि
2. लंदन- उनकी शिक्षा भूमि, जहां उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की
3. नागपुर- दीक्षाभूमि, जहां उन्होंने बौद्ध धर्म की दीक्षा ली
4. दिल्ली-महापरिनिर्वाण भूमि, जहां उनका अंतिम संस्कार हुआ
5. मुंबई- चैत्य भूमि, जहां उनकी स्मृतियां आज भी करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं
दिल्ली में डॉ. आंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र का निर्माण और 7 दिसंबर 2017 को उसका उद्घाटन भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा। मुंबई में इंदु मिल परिसर में ‘स्टैच्यू ऑफ इक्वैलिटी’ की परियोजना को आगे बढ़ाया गया।
संविधान के साथ हुए ऐतिहासिक प्रयोग और वर्तमान संदर्भ : भारतीय संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह समय और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप संशोधन की अनुमति देता है। लेकिन जब संशोधन सत्ता के राजनीतिक हितों अथवा नागरिक स्वतंत्रताओं को सीमित करने के उद्देश्य से किए जाते हैं, तब उन पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है।
बाबा साहब ने संविधान सभा में अपने अंतिम भाषण में कहा था कि राजनीतिक लोकतंत्र को सामाजिक लोकतंत्र में बदलना होगा। स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व एक-दूसरे से अलग नहीं किए जा सकते। इसलिए 26 नवंबर का संविधान गौरव दिवस केवल अतीत की उपलब्धियों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि भविष्य के भारत के लिए संकल्प लेने का दिन है। आइए, इस दिन हम संकल्प लें कि संविधान के मूल्यों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर रखेंगे और न्याय, समानता, स्वतंत्रता तथा बंधुत्व पर आधारित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे। यही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि और संविधान के प्रति गौरव होगा।-हर्ष मल्होत्रा(केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष )
बाबा साहब के संविधान से विकसित भारत तक, मोदी सरकार की प्रतिबद्धता
Previous Articleपंजाब का ‘सनातन’ गठबंधन
Next Article आतंकवाद पर शिकंजा और कश्मीर में बदलाव की नई बयार
Related Posts
chhattisgarhrajya.com
ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
Important Page
© 2025 Chhattisgarhrajya.com. All Rights Reserved.


















