Windows 11 Latest Update : कंप्यूटर यूज करते समय कई बार ऐसा होता है कि एक साथ कई काम करने पर सिस्टम की स्पीड धीमी पड़ने लगती है. ब्राउजर में कई टैब खुले हों, Microsoft Office पर काम चल रहा हो और बैकग्राउंड में दूसरी ऐप्स भी एक्टिव हों, तो कम RAM वाले कंप्यूटर पर इसका असर साफ दिखाई देने लगता है. खासकर 8GB RAM वाले PC यूज करने वाले यूजर्स को मल्टीटास्किंग के दौरान ऐसी परेशानी हो सकती है, हालांकि अब Microsoft इस समस्या को कम करने की दिशा में काम कर रहा है.
कंपनी ने Windows 11 के मेमोरी मैनेजमेंट सिस्टम में कई बदलाव किए हैं, जिससे कम RAM वाले कंप्यूटर भी पहले के मुकाबले बेहतर तरीके से काम कर सकेंगे. तो आइए जानते हैं कि आइए जानते हैं कि Microsoft ने Windows 11 में क्या बदलाव किए हैं और इनका यूजर्स को क्या फायदा मिलेगा.
RAM का यूज करने का तरीका बदलेगा Windows 11
Microsoft ने Windows 11 में मेमोरी कंप्रेशन की प्रक्रिया को बेहतर बनाया है. इसके तहत ऑपरेटिंग सिस्टम कम यूज होने वाले डेटा को कंप्रेस करके RAM में कम जगह देता है. अब कंपनी ने इसमें सुधार करते हुए यह तय करने का तरीका बदला है कि किस डेटा को कंप्रेस करना है और किसे स्टोरेज में भेजना है. इससे Windows 11 पहले के मुकाबले 2GB तक ज्यादा एक्टिव डेटा RAM में रख सकता है. इसका फायदा यह होगा कि यूजर्स जब अलग-अलग ऐप्स या ब्राउजर टैब के बीच स्विच करेंगे, तो उन्हें बार-बार दोबारा लोड होने की समस्या कम देखने को मिल सकती है.
Teams और Office ऐप्स में भी हुआ सुधार
कंपनी ने Microsoft Teams को भी ऑप्टिमाइज किया है. 8GB RAM वाले PC में यह ऐप डिफॉल्ट रूप से Efficiency Mode यूज कर सकती है. इससे Teams 20 फीसदी तक तेजी से खुल सकता है और सिस्टम के संसाधनों पर भी कम दबाव पड़ेगा. इसके अलावा Word, Excel, PowerPoint और Outlook जैसे Microsoft 365 ऐप्स में भी सुधार किए गए हैं. इन सभी ऐप्स को मिलाकर करीब 360MB मेमोरी की बचत हो सकती है.
कैसे मिलेगा Windows 11 के नए फीचर्स का फायदा?
इन बदलावों का फायदा उठाने के लिए यूजर्स को Windows 11 वर्जन 26H2 का बिल्ड 26300.9818 या उससे नया वर्जन इंस्टॉल करना होगा. इसके लिए Settings में जाकर Windows Update खोलें. यहां Get the latest updates as soon as they’re available ऑप्शन चालू करें और Check for updates पर क्लिक करें.
Widgets और Edge भी कम यूज करेंगे RAM
Microsoft ने बैकग्राउंड में चलने वाले फीचर्स के मेमोरी यूज को भी कम किया है. अब 8GB या उससे कम RAM वाले कंप्यूटर में Windows Widgets तभी लोड होंगे, जब यूजर उन्हें खोलेगा. इनके बंद रहने पर करीब 200MB मेमोरी की बचत होगी. वहीं Microsoft Edge में अब 15 मिनट तक यूज नहीं होने वाले टैब डिफॉल्ट रूप से स्लीप मोड में चले जाएंगे. पहले इसके लिए दो घंटे का समय तय था. इससे इनएक्टिव टैब कम RAM यूज करेंगे.


















