26 नवंबर, 1949 ऐतिहासिक तारीख थी, जब संविधान सभा ने भारत के अधिकृत संविधान को ग्रहण किया, स्वीकार किया। उसके बाद 26 जनवरी, 1950 को संविधान लागू किया गया, जब देश ‘गणतंत्र दिवस’ का गौरव महसूस करता है और राष्ट्रीय समारोह मनाया जाता है। यकीनन 26 नवंबर का दिन ऐतिहासिक था, जब देश में संविधान के जरिए ‘कानून के राज’ को मान्यता दी गई। देश ने भी उस व्यवस्था को स्वीकार किया। संविधान सभा में हमारे राष्ट्र-निर्माण की पीढ़ी के बौद्धिक नेता मौजूद थे। उन्होंने अत्यंत तीखी बहसें कीं, विरोधाभास भी उभरे, दुनिया के विशेष संविधानों के जरिए विभिन्न प्रावधानों और शक्तियों पर चर्चा की गई, अंतत: एक सर्वसम्मत संविधान ने आकार ग्रहण किया। संविधान की चिंताएं, सरोकार, फोकस मानवाधिकार, मानव-कल्याण, नागरिक के मौलिक अधिकारों और दायित्वों, संसद और सरकार, सत्ता की आपातकालीन, असीमित शक्तियों पर केंद्रित रहे, ताकि लोकतंत्र का संतुलन बना रहे। बुनियादी सरोकार था कि देश, समाज, नागरिक के लिए नीतियां बनें, लेकिन अंतत: उन्हें ‘न्याय’ मिले। यह ‘न्याय’ अदालतों तक ही सीमित न रहे। संसद और सरकार कानून पारित करे और न्यायपालिका उसे लागू कराएं, यही संविधान की बुनियादी भावना नहीं है। संविधान कोई ‘सुप्रीम कानून’ भी नहीं है। यह भारत के लोगों के द्वारा, भारत के लोगों के लिए तय की गई व्यवस्थाओं, कानूनों, अधिकारों, दायित्वों का एक पवित्र संकलन है। संविधान की गरिमा किसी धार्मिक ग्रंथ से कमतर नहीं है। ‘न्याय’ का जिक्र आया है, तो उस स्थूल, कानूनी, अनिवार्य ‘न्याय’ की भी बात करनी चाहिए, जो देश के आम आदमी को अदालतों के जरिए मिलता है।
राष्ट्रीय न्यायिक डाटा ग्रिड और राज्यसभा में लिखित जवाब के मुताबिक, भारत की सभी अदालतों में 5.19 करोड़ से अधिक मामले लंबित हैं। कुछ विश्लेषणों में यह संख्या 5.8-6 करोड़ तक बताई गई है। सर्वोच्च अदालत में ही 83,000-95,936 तक केस लंबित हैं। देश के 25 उच्च न्यायालयों में 63.76-65.58 लाख तक मामले लटके-अटके पड़े हैं। जिला एवं अधीनस्थ अदालतों में करीब 5.24 करोड़ मामले भटक रहे हैं, जिनमें 4 करोड़ से अधिक ‘आपराधिक’ बताए जाते हैं। यह ‘न्याय’ की प्राथमिक और बुनियादी स्थिति है। संविधान क्या कर सकता है? ये मामले प्रशासनिक और ढांचागत खामियों के परिणाम हैं। यदि देश में यह ‘न्याय’ दुर्लभ और विलंबित है, तो संविधान में दिए गए अधिकार ही बेमानी हैं, क्योंकि उनका निरंतर उल्लंघन, हनन किया जा रहा है। कमोबेश ‘संविधान दिवस’ के मौके पर ही हमारी सरकार को गहन विमर्श शुरू कर इस ‘लटकी, भटकी, अटकी’ व्यवस्था को दुरुस्त करना चाहिए। दलित समुदाय के व्यक्ति को पास न फटकने दिया जाए, उन्हें विवाह के मौके पर घोड़ी चढऩे और मंदिर में प्रवेश निषिद्ध हो, अस्पृश्यता, दुल्हन के परिवार से दहेज की अनाप-शनाप मांगें, पैतृक विरासत और संपत्ति में बेटी को बेटे के समान अधिकार न हों और कई विसंगतियां हमारे देश और समाज में रही हैं। कानून भी निर्रथक, खोखले साबित होते रहे हैं। उन व्यवस्थाओं को बदला गया है, बदला जा रहा है, 1500 से अधिक कानून रद्द किए गए हैं। संविधान में 125 से अधिक संशोधन संसद के द्वारा पारित किए जा चुके हैं। फिर भी ‘न्याय’ लटका हुआ है, तो संविधान अधूरा लगता है। इन दिनों चुनाव आयोग का ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) काफी चर्चा में रहा है, करोड़ों के ‘मताधिकार’ छीने गए हैं, यह मामला भी सर्वोच्च अदालत में विचाराधीन है, आखिर कब तक विचार करते रहेंगे? फैसला सामने आना चाहिए, तभी संविधान की सार्थकता है। संसद की कार्यवाही लगातार स्थगित होती रहती है अथवा सडक़ों पर बेतरतीब विरोध-प्रदर्शनों को भी मौलिक अधिकार की आड़ दी जाती है, तो संविधान का दुरुपयोग होता है। संविधान किसी की बपौती नहीं है, देश भर के नागरिकों के लिए है, उसका अपमान अक्षम्य होना चाहिए। चूंकि भारत में संविधान को लागू हुए 76 लंबे वर्ष गुजर चुके हैं, कमोबेश अभी तक हमें ब्रिटिश हुकूमत के उपनिवेशवादी राज और विचार से उबरना चाहिए। अदालतों में ही न्यायाधीश और वकीलों की पोशाक देख कर तुरंत महसूस होता है कि हम संविधानवादी नहीं बने हैं, बल्कि आज भी उपनिवेश बनकर व्यवस्था को ढो रहे हैं। यह संविधान का अपमान है। हमें आज तक समझ नहीं आया कि न्यायपालिका की विवशता क्या है? न्याय तभी सुलभ होगा जब अदालतों में लंबित मामलों का तेज गति से निपटारा होगा।


















