नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जनता ने अपना जनादेश देकर नेता चुना है, उन्हें यह पद राजनीतिक विरासत में नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कब पद छोड़ेंगे, इसका फैसला केवल मतदाता ही कर सकते हैं। सिंह ने जम्मू में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पैदल मार्च का नेतृत्व करने के बाद एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर आरोप लगाया कि वे मोदी को सत्ता से हटाने के लिए देश को अस्थिर करने और अनिश्चितता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि मोदी को प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी भारत की जनता ने सौंपी थी, और केवल उसी के पास इसे वापस लेने का अधिकार है। 

रक्षामंत्री ने कहा, ”वह किसी की विरासत के कारण प्रधानमंत्री नहीं बने हैं। भारत की जनता ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है। और अगर कोई इसे वापस ले सकता है, तो वह केवल और केवल भारत की जनता ही है। कोई और ऐसा नहीं कर सकता।” सिंह ने मोदी द्वारा खुद को ‘फकीर’ बताए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने बार-बार यह बात कही है कि सत्ता से उनका कोई निजी लगाव नहीं है और जब भी जनता चाहेगी, वे अपना पद छोड़ देंगे। उन्होंने कहा, ”आपने कई मौकों पर हमारे प्रधानमंत्री मोदी को यह कहते हुए सुना होगा कि ‘मैं एक फकीर हूं। जब लोग ऐसा कहेंगे, तो मैं अपना झोला उठाऊंगा और चल दूंगा’।” 

कांग्रेस नेताओं को दिया संदेश

सिंह ने जनादेश से प्रधानमंत्री बने मोदी को निशाना बनाने की कांग्रेस की कोशिशों पर सवाल उठाते हुए पूछा, ”क्या आप ऐसे व्यक्ति को सत्ता से हटाना चाहते हैं? क्या आप उन पर बेबुनियाद आरोप मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं?” रक्षामंत्री ने विपक्ष को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिशों के बावजूद वह अपने पद पर बने रहेंगे। सिंह ने कहा, ”कांग्रेस नेताओं को कान खोलकर सुन लेना चाहिए। मोदी जी कहीं नहीं जा रहे हैं। मैं देश भर के कांग्रेस नेताओं तक यह संदेश पहुंचाना चाहता हूं, मोदी जी कहीं नहीं जा रहे हैं।” सिंह ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को नहीं, बल्कि कांग्रेस को राजनीतिक विदाई के लिए तैयार रहने की जरूरत है। उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा, ”अब कांग्रेस के बोरिया-बिस्तर समेटकर जाने का समय आ गया है। अगर किसी को जाना है, तो वह कांग्रेस है, मोदी नहीं।” 

रक्षा मंत्री ने मोदी के सियासी सफर की तुलना कांग्रेस नेताओं की राजनीतिक यात्रा से करते हुए दावा किया कि विपक्ष के कई नेताओं का करियर उन्हें विरासत में मिली राजनीति से बना है, जबकि प्रधानमंत्री ने अपनी मेहनत और जनता के समर्थन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा, ”कांग्रेस और उसके सहयोगी किसी तरह मोदी को पद से हटाकर सत्ता पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी हताशा और बेचैनी के कारण वे देश में बार-बार अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस नेता यह भूल गए हैं कि न तो प्रधानमंत्री को और न ही उनके ज़्यादातर साथियों को विरासत में कुछ मिला है, जबकि कांग्रेस नेताओं को राजनीतिक सत्ता और विशेषाधिकार विरासत में मिले हैं।” सिंह ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक पद हासिल करने के बजाय राष्ट्र-निर्माण के लिए राजनीति में आने में विश्वास रखती है। उन्होंने इसे अपनी पार्टी और उसके विरोधियों के बीच का बुनियादी अंतर बताया। उन्होंने लोगों से भारत की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करने की अपील की और कहा कि अराजकता के जरिए लोकतांत्रिक जनादेश को कमजोर करने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30